Betul News: खमालपुर के पास कुएं में गिरने से तेंदुए की मौत

वन विभाग ने किया अंतिम संस्कार , उत्तर वन मंडल में कई तेंदुए की दस्तक
Betul News: बैतूल। उत्तर वन मंडल के अंतर्गत खमालपुर ढाने क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कुएं में गिरने से तीन वर्षीय तेंदुए की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर विधिवत कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के पश्चात अधिकारियों की मौजूदगी में तेंदुए के बच्चे का अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी मिली है कि पानी मे रहने से शव काफी गल चुका था, कयास लगाया गया कि तेंदुए का बच्चा दो दिन तक कुएं में पड़ा रहा, लेकिन किसी को दिखाई नहीं दिया।
बताया जाता है कि ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी थी कि गांव के एक खेत में बने बिना मुंडेर वाले कुएं में तेंदुए का शव तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में तेंदुए के बच्चे की उम्र लगभग 2-3 वर्ष आंकी गई है। वन अधिकारियों का मानना है कि तेंदुए का यह बच्चा जंगल में विचरण के दौरान गलती से खुले कुएं में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पहले शव का पोस्टमार्टम कराया गया, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि की जा सके। इसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। गौरतलब है कि उत्तर वन मंडल की बैतूल, शाहपुर और भौरा रेंज में तेंदुओं की मौजूदगी कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए और उनके शावकों के देखे जाने की पुष्टि हो चुकी है।
ग्रामीणों ने हाल के दिनों में तेंदुए के शावक की गतिविधियों की जानकारी भी दी थी। माना जा रहा है कि मृत तेंदुआ उन्हीं में से एक हो सकता है। घटना के बाद वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। वन अमला आसपास के जंगलों और ग्रामीण इलाकों में सर्चिंग कर रहा है, ताकि अन्य वन्य जीवों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। साथ ही, खुले और बिना मुंडेर वाले कुओं को सुरक्षित करने की दिशा में भी लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




