Betul Samachar : वार्डों में शिविर लगाए, फिर भी 13 दिनों में 27 लाख वसूल पाई नपा

लोगों की संपत्ति कर देने में रूचि नहीं, वित्तीय वर्ष समाप्ति के पहले अब तक चालीस प्रतिशत वसूली

Betul Samachar : बैतूल। तमाम कवायदों के बावजूद नपा के बकायादारों ने वार्डों में लगाए शिविर के बावजूद विभिन्न कर जमा करने में रूचि नहीं दिखाई है। 16 दिसंबर से 3 जनवरी तक नपा ने शहर के सभी 33 वार्डों में अलग-अलग शिविर लगाकर कुल 27 लाख 55 हजार की राशि वसूल की, लेकिन यह राशि भी ऊंट के मुंह में जीरा जैसी साबित हो रही है। दरअसल नपा को वित्तीय वर्ष 2025 में 4 करोड़ से अधिक कर वसूल करना है। इस लिहाज से यह राशि पर्याप्त नहीं कहीं जा सकती है। नपा की अब तक की कुल वसूली का प्रतिशत भी 40 प्रतिशत पर ही पहुंच पाया है।

नगरपालिका की वित्तीय स्थिति गड़बड़ है। वेतन एवं अन्य मदों को पूरा करने के लिए नपा चूंगी कर का सहारा लेते आ रही है, लेकिन यह राशि वेतन के लिए पर्याप्त नहीं कही जा रही। नपा को सबसे अधिक उम्मीद राजस्व विभाग द्वारा वसूल किए जा रहे विभिन्न करों के माध्यम से मिलती है,लेकिन इसकी रफ्तार पिछले कई माह से फिसड्डी होने के कारण हालात किसी से छिपे नहीं है।

हर बार की तरह इस बार भी नपा ने दिसंबर माह में वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर लक्ष्य पूरा करने का प्रयास किया, लेकिन यह सफल नहीं हो पाया। इसके पीछे कहीं न कहीं शहर के लोग जिम्मेदार है जो वार्ड स्तर पर भी शिविर लगने के बाद भी करों के भुगतान में रूचि नहीं दिखा रहे हैं। इसका खामियाजा नपा को चुकाना पड़ रहा है।

18 दिनों में नपा ने वसूले 27 लाख

नगरपालिका में 16 दिसंबर से 3 जनवरी तक शहर के सभी 33 वार्डों में अलग-अलग शिविर लगाए थे। इसके लिए पहले ही मुनादी कर दी थी। शिविर के माध्यम से लोगों से संपत्ति, जल कर समेत दुकान किराया और अन्य राशि वसूल करना था, लेकिन यह शिविर हर बार की तरह फिसड्डी साबित हो गया। इसके लिए लोग ही जिम्मेदार कहे जा सकते हैं, जिन्होंने वार्ड में शिविर लगने के बावजूद राशि जमा नहीं की। नपा ने 18 दिनों तक शिविर लगाने के बाद कुल 27 लाख 55 हजार का राजस्व हासिल किया है, लेकिन यह नाकाफी कहा जा सकता है।

सबसे अधिक 17 लाख 30 हजार संपत्ति कर के और 7 लाख 81 हजार जल कर की राशि वसूल की। 2 लाख 43 हजार दुकान किराया के रूप में राजस्व हासिल किया है। इस दौरान कुछ वार्ड ऐसे थे, जहां राजस्व वसूली नाममात्र की हुई है। इनमें सबसे फिसड्डी तिलक वार्ड रहा है। यहां मात्र 8 हजार 136 रुपए का संपत्ति कर और 21 सौ रुपए का जलकर वसूल हो पाया है। जबकि आजाद वार्ड और कृष्णापुरा वार्ड ऐसे रहे, जहां जलकर का शिविर लगाने के बावजूद एक रुपए नपा को नहीं मिल पाए।

वसूली की रफ्तार अभी भी धीमी, लक्ष्य तक पहुंचना कठिन

नपा ने वार्डों में शिविर लगाकर 27 लाख रुपए का राजस्व वसूला है। इसके बावजूद चालू वर्ष में 3 करोड़ 87 लाख कुल राशि वसूल करना है। इसमें से 8 जनवरी तक संपत्ति कर का 43.01 प्रतिशत, जलकर का 43.70 प्रतिशत, दुकान-भूमि भवन किराया का 36.71 प्रतिशत राशि वसूली हो पाई है। लिहाजा नगरपालिका को वित्तीय वर्ष समाप्ति के पहले करीब 4 करोड़ का राजस्व वसूलना में पसीना आ सकता है। वैसे करों का भुगतान करने में लोगों की रूचि नहीं होने के कारण नपा की स्थिति खराब होते जा रही है। हालांकि लोक अदालत और शिविर के माध्यम से वसूली के लक्ष्य में जरूर तेजी आई है।

इनका कहना…

वार्ड स्तर पर शिविर लगा कर लगभग 27 लाख का राजस्व वसूला है। लोगों को भी करों के भुगतान देने के लिए रूचि दिखाना चाहिए। वित्तीय वर्ष के समाप्ति तक अधिक से अधिक करों के भुगतान की राशि वसूलने का प्रयास किया जाएगा।

सुभाष प्रजापति, वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक, नपा बैतूल 

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button