Betul Ki Khabar: शादी से इनकार पर प्रेमी ने पेट्रोल डालकर खुद को किया आग के हवाले, मौत

जन्म प्रमाण पत्र बनवाने घोड़ाडोंगरी आई थी प्रेमिका, विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

Betul Ki Khabar: घोड़ाडोंगरी/बैतूल। शादीशुदा प्रेमिका द्वारा तत्काल शादी से इनकार किए जाने के बाद प्रेमी ने पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर लिया। यह हृदयविदारक घटना घोड़ाडोंगरी में रेलवे स्टेशन परिसर में घटित हुई। गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल बैतूल लाया गया, जहां से भोपाल हमीदिया अस्पताल रेफर करने की तैयारी चल रही थी, लेकिन रास्ते से पहले ही उसकी मौत हो गई। बुधवार को जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

तलाक से पहले शादी का बना रहा था दबाव

युवती का कहना है कि,उसका विवाह लगभग सात वर्ष पूर्व घोड़ाडोंगरी में हुआ था। पति द्वारा लगातार परेशान किए जाने के कारण वह पिछले करीब पांच वर्षों से अपने मायके पांढुर्ना में रह रही थी। इस दौरान उसकी पहचान ग्राम चातवा निवासी अविनाश पिता साहबलाल परतेती से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बड़ीं, लेकिन युवती पहले से विवाहित होने के कारण तलाक के बाद ही विवाह की बात कह रही थी।उसका एक बेटा भी है।

मंगलवार को वह अपने बेटे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए घोड़ाडोंगरी आई थी। इसी दौरान अविनाश भी वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि अविनाश शराब के नशे में था और उसने रेलवे स्टेशन की पार्किंग के पास युवती के सामने फिर से शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक उसका पूर्व पति से तलाक नहीं हो जाता, वह शादी नहीं कर सकती।

रेलवे स्टेशन परिसर में मची अफरा-तफरी

युवती के इनकार से आक्रोशित अविनाश ने अचानक अपने शरीर पर पेट्रोल डाल लिया और आग लगा ली। युवक को जलते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से अविनाश को पहले घोड़ाडोंगरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया।

चिकित्सकों के अनुसार युवक लगभग सिर से पैर तक झुलस चुका था और उसकी हालत बेहद नाजुक थी। उसे भोपाल हमीदिया अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने परिजनों को अवगत कराया। बुधवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्मदाह का बताया जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button