Betul Samachar : 3 रिमांडर के बाद भी नहीं हटाया बिजली पोल

Betul News: Electricity pole not removed even after 3 reminders

ठेकेदार ने रोका ड्रेनेज निर्माण कार्य, बेफिक्र नपा, जनता परेशान

Betul Samachar: बैतूल। नगर पालिका क्षेत्र के कोठीबाजार में चल रहे ड्रेनेज निर्माण कार्य में नपा अधिकारियों की लापरवाही खुलकर सामने आ गई है। एक बिजली पोल की वजह से ड्रेनेज निर्माण कार्य पर ब्रेक लग गया है। यह पोल नाली से सटकर खड़ा है। इस खतरे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि खुदाई करते ही बिजली पोल या तो सड़क पर गिरेगा या फिर लोगों के घरों पर। ठेकेदार पोल हटाने तीन बार रिमाइंडर दे चुका है, लेकिन नपा के अधिकारी मौन धारण कर बैठे हैं। नपा की लापरवाही के कारण निर्माण पर ब्रेक लग गया है। ऐसे में लोगों की फजीहत भी होना तय है।

सड़क पर गिरा पोल तो जनहानि की आशंका

कोतवाली सड़क पर कुछ दिन पूर्व ही बिजली का नया पोल खड़ा किया गया था। इसी पोल से सटकर ड्रेनेज की खुदाई भी की जा रही है, लेकिन खुदाई के चलते पोल गिरने का खतरा साफ नजर आ रहा है। ठेकेदार के मुताबिक खुदाई के दौरान यदि पोल गिरता है तो सीधे सड़क पर या आवासीय मकानों पर गिरेगा, इससे जनहानि होने की पूरी संभावना है। मुख्य मार्ग होने के चलते यहां दिन भर हैवी ट्रेफिक होता है। नपा की विद्युत शाखा को पोल हटाने लगातार तीन बार रिमांडर भेजे जाने के बावजूद अब तक पोल नहीं हटाया। परिणामस्वरूप ठेकेदार ने कार्य रोक दिया है और क्षेत्र के निवासी परेशान हो रहे हैं।

पलपल दिक्कतें झेल रहे स्थानीय रहवासी

स्थानीय घरों के सामनेड्रेनेज के लिए खुदे गड्ढों से लोगों का अपने ही घरों में आना जाना मुसीबत पहले ही बना हुआ है। स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। ड्रेनेज कार्य आधा रुकने से घरों में गंदा पानी वापस आने की भी समस्या निर्मित हो रही है। ठेकेदार का साफ कहना है कि बिजली पोल हटने तक काम आगे बढ़ाना संभव नहीं, क्योंकि यह आम नागरिकों के लिए हानिकारक हो सकता है। इधर नपा अधिकारी इस पूरे मामले में उदासीन नजर आ रहे हैं।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि अधिकारियों को समस्या की पूरी जानकारी है, फिर भी न तो समाधान निकाला जा रहा है और न ही समन्वय स्थापित किया जा रहा है। जनता का कहना है कि शहर विकास के नाम पर करोड़ों की योजनाएं स्वीकृत की जाती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम फाइलों और जवाबदारियों के उलझाव में फंस जाता है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली पोल नहीं हटाया गया और ड्रेनेज कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन और नपा कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे।

इनका कहना…..

बिजली पोल हटाने के लिए तीन आवेदन नपा को दिए जा चुके हैं, लेकिन पोल नहीं हटाया गया, जिसकी वजह से $काम प्रभावित हो रहा है।

 बीपी सिंह, ठेकेदार 

पोल हटाने के लिए प्रक्रिया तैयार कर ली गई है। हाइड्रा मशीन के जरिए काम कराया जाएगा।

अमित सक्सेना, विद्युत शाखा प्रभारी नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button