Betul News: ड्रेनेज निर्माण में देरी, लोगों में आक्रोश, मलबा डालकर गड्ढे भरने की तैयारी

पार्षद के नेतृत्व में जनता सड़क पर उतरकर करेगी आंदोलन

Betul News: बैतूल। कोठीबाजार क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से ड्रेनेज निर्माण कार्य के लिए खुदाई के बाद काम ठप पड़े रहने से स्थानीय लोगों का सब्र टूटता जा रहा है। गहरी नालियों का निर्माण शुरू करने के नाम पर ठेकेदार द्वारा सड़क के एक तरफ बड़े गड्ढे खोद कर छोड़ दिए गए हैं, लेकिन काम की वास्तविक शुरुआत अब तक नहीं की गई। ऐसे में क्षेत्रवासियों को आवागमन में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बुजुर्ग और बच्चे हर पल हादसे के डर से घरों में ही दुबके हुए हैं। वहीं पानी की निकासी बाधित होने से घरों के सामने गंदगी और कीचड़ की समस्या अलग से बढ़ रही है।

मलबा डालकर गड्ढे भरने की दी चेतावनी

रोजाना तकलीफों से जूझ रहे स्थानीय नागरिकों की शिकायतें बढ़ने के बाद तिलक वार्ड के स्थानीय पार्षद नफीस खान भी आक्रामक हो गए हैं। क्षेत्र के रहवासियों की बैठक के दौरान लोगों की पीड़ा और खरी खोटी सुनने के बाद पार्षद ने नाराजगी जाहिर करते हुए नगर पालिका को आंदोलन की चेतावनी दे दी है। पार्षद नफीस खान का कहना है कि ठेकेदार ने खुदाई करने के बाद काम शुरू किए बिना इलाके को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़क पर गिट्टी बोल्डर लाकर डाल दिया गया है जिससे लोगो को अपने ही घरों में आने जाने में परेशानी झेलना पड़ रहा है। जनता की परेशानियों पर तत्काल ध्यान नहीं दिया गया तो मजबूरी में उन्हें भी लोगों के साथ सड़क पर उतरना पड़ेगा। यदि दो दिनों के भीतर ड्रेनेज निर्माण का कार्य शुरू नहीं होता है तो यहां चक्का जाम किया जाएगा और आवश्यक हुआ तो ट्रैक्टरों से मलबा डालकर खोदी गई नालियों को पहले की स्थिति में भर दिया जाएगा।

ठेकेदार को सीएमओ ने दी अंतिम चेतावनी

नगर पालिका प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार को अंतिम चेतावनी दी है। नपा के अधिकारियों का कहना है कि ठेकेदार से दो दिन में कार्य गति बढ़ाने को कहा गया है। यदि समय सीमा में काम शुरू नहीं किया जाता है तो ठेकेदार के विरुद्ध अनुबंध शर्तों के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी तथा दूसरा विकल्प सक्रिय किया जाएगा। जनता की नाराजगी और पार्षद की चेतावनी के बाद अब समूचे क्षेत्र की नजर नपा और ठेकेदार के रुख पर टिक गई है। आने वाले दो दिन तय करेंगे कि ड्रेनेज निर्माण गति पकड़ेगा या फिर मामला सड़कों पर आक्रोश के रूप में दिखेगा।

इनका कहना….

इस संबंध में ठेकेदार से चर्चा कर अंतिम चेतावनी दी गई है। प्रयास किये जा रहे हैं कि जल्द से जल्द काम शुरू हो जाए।

सतीश मटसेनिया सीएमओ नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button