Betul Ki Khabar : Video: बैतूल को रोजगार के साथ खेलों में अग्रणी जिला बनाएंगे: हेमंत
Betul Ki Khabar: We will make Betul a leading district in sports along with employment: Hemant

जिला स्तरीय वालीवाल स्पर्धा में बोले प्रदेश अध्यक्ष, खेल मैदान के लिए देंगे राशि
Betul Ki Khabar : बैतूल। बैतूल को न सिर्फ रोजगार बल्कि खेलों के लिए प्रदेश में अग्रणी जिला बनाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां चरम पर है। बैतूल का हर खेल मैदान बेहतर हो, इसके लिए बड़ा प्लान कर रहे हैं। आने वाले समय में खेल मैदान व्यवस्थित होंगे। यह बात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने विवेकानंद वार्ड में स्विमिंग पुल के सामने स्थित स्कूल मैदान में जिला स्तरीय वालीवाल प्रतियोगिता के शुभारंभ पर कही।
प्रतियोगिता का शुभारंभ खंडेलवाल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ किया। इस दौरान अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि हमारे समाज की दिनचर्या और आचरण में खेले और लोगों को पे्ररित करें, ताकि जिले में खेल का अच्छा वातावरण तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि पूर्व नपा अध्यक्ष आनंद प्रजापति ने उन्हें जानकारी दी थी कि वालीवाल के प्रति लोगों में इतना जुनून है कि वे सुबह उठाकर इसका लुत्फ उठाने के बाद अपने काम पर जाते हैं। इस बात की मुझे खुशी है कि खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। हर व्यक्ति को खेल स्पर्धा में शामिल होकर अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए। इसी से हमारा मानसिक और शारीरिक विकास होता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि खेल गतिविधियां जहां ज्यादा होती है, वहां का वातावरण सकारात्मक होता है। हमने तय किया है कि वार्ड स्तर पर मांग के अनुसार खेल मैदानों के लिए दो से पांच लाख रुपए तक राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस काम के लिए हम चर्चा कर रहे हैं, ताकि वार्डों में भी खेल गतिविधियां शुरू होने से सबको लाभ मिले। उन्होंने इस दौरान वालीवाल प्रतियोगिता का मैदान में फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभारंभ किया। इस दौरान मौजूद नपा अध्यक्ष पार्वती बारस्कर ने कहा कि शहर में खेल गतिविधियों को बढ़ाने के लिए नपा हर स्तर पर प्रयास करेगी। प्रतियोगिता के संयोजक पूर्व नपा अध्यक्ष आनंद प्रजापति ने का कहा कि लंबे समय बाद मैदान पर फ्लड लाइट में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
इस प्रतियोगिता में पूरे जिले से 22 टीमें दो दिनों तक अपना जौहर दिखाएंगी। आयोजन समिति के नरेंद्र शर्मा ने बताया कि दिन और रात जिले की 22 टीमें दो दिनों तक मैच खेलेगी। इसके बाद रविवार रात फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। विजयी टीम को 10 हजार रुपए और ट्राफी, उपविजेता टीम को 7 हजार और ट्राफी एवं तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 3 हजार और ट्राफी दी जाएगी। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, नपा उपाध्यक्ष महेश राठौर, वरिष्ठ नेता सुनील गुड्डू शर्मा, मुकेश झारे, देवेंद्र बबलू मालवीय, राजा साहू, संजय शुक्ला, पार्षद अंजू रानी शर्मा, ममता मालवीय, पिंटू परिहार, वरिष्ठ खिलाड़ी प्रदीप चौहान, श्री ठाकुर समेत अन्य लोग भी शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ खिलाड़ी हेमंतचंद्र बबलू दुबे ने किया।




