Betul Samachar: अब नवनिर्मित सड़क पर बेजा अतिक्रमण, आवाजाही में बड़ी परेशानी
Betul News: Now there is illegal encroachment on the newly constructed road, big problem in movement

कोठीबाजार में धीरे-धीरे फिर पाव पसार रहा अतिक्रमण, नपा का राजस्व अमला नींद में
Betul Samachar: बैतूल। कोठीबाजार की नई सड़क बनते ही सड़क पर अतिक्रमण भी होना शुरू हो गया है। नवनिर्मित सड़क पर कई लोगों ने दुकानें लगा ली है। इससे आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क किनारे दुकानदारों ने अपनी दुकानें फैलाना और हाथ ठेला लगाना शुरू कर दिया है। अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लल्ली चौक से लेकर कोतवाली थाने तक सड़क निर्माण किया गया है। सड़क बनते ही अतिक्रमण भी पाव पसारने लगा है। कई दुकान संचालकों ने सड़क तक सामग्री रखकर कब्जा कर लिया है। फल सहित अन्य हाथ ठेलों की दुकानें भी सड़क के बीचोंबीच लगा दी है। एक तरफ से वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। नपा और यातायात पुलिस द्वारा इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कोठीबाजार क्षेत्र फिर अतिक्रमण की चपेट में
कुछ माह पहले नपा ने कोठीबाजार से अतिक्रमण हटाया था, लेकिन अब फिर से पूरा कोठीबाजार क्षेत्र अतिक्रमण की चपेट में आ गया है। सड़क तक दुकानें फैल चुकी है। पिछली बार अतिक्रमण हटाने के समय नपा के अधिकारियों ने दुकान संचालकों को सड़क तक दुकानें न लगाने का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन कुछ ही माह बाद नपा के इस अल्टीमेटम को दरकिनार कर दिया। अतिक्रमण से हालात यह है कि कोठीबाजार में पल-पल में जाम की स्थिति बन रही है। बसस्टैंड से लेकर लल्ली चौक, यहां से कोतवाली चौक, सीमेंट रोड तक बेजा अतिक्रमण होने से आवाजाही प्रभावित हो रही है।
सड़क पर ही खड़े करते हैं वाहन
कोठीबाजार क्षेत्र में नवनिर्मित सड़क पर एक तरफ वाहन खड़े होने से एक तरफ का ही मार्ग आवाजाही के लिए बचा है, इसलिए यातायात बाधित होने लगा है। खरीददारी करने के लिए आने वाले लोग सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़कें सकरी हो जाती है और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार इतना लंबा जाम लग जाता है कि यातायात पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ता है। पुलिस यातायात बाधित होने पर मौके पर तो पहुंच जाती है, लेकिन थोड़ी देर में औपचारिकता निभाकर वापस लौट जाती है।
इनका कहना…
सड़क पर अतिक्रमण करके दुकानें लगाई है तो उन्हें हटाने का काम किया जाएगा। समझाइश के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया तो सख्ती से कार्रवाई करेंगे।
ब्रजगोपाल परते, राजस्व निरीक्षण, नपा बैतूल




