Betul News: बेतरतीब स्पीड ब्रेकरों ने बढ़ाई वाहन चालकों की परेशानी

Betul News: Random speed breakers increase the problems of drivers

नगरपालिका ने सड़क पर अधूरे स्पीड ब्रेकर बनाकर छोड़े

Betul News: बैतूल। बड़े स्कूलों और कालेजों के पास शिकायत मिलने पर नगरपालिका ने एक ्रमाह पहले स्पीड ब्रेकर बनाने का काम शुरू किया था। इसे आधे बनाने के बाद छोड़ दिया गया। अधूरे स्पीड ब्रेकर अब जानलेवा हादसे को निमंत्रण दे रहे हैं। हालात यह है कि बनाए गए ब्रेकर से बचने के लिए वाहन चालक दूसरे साइड से निकालने के प्रयास में दुर्घटना का शिकार होने लगे हैं। इसके बावजूद नपा ने महीनों से इन ब्रेकरों को पूरा बनाने की जहमत नहीं उठाई।

जानकारी के मुताबिक जेएच कालेज, केंद्रीय विद्यालय, गंज कन्या शाला के सामने मुख्य मार्ग होने के कारण वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है। चूंकि छात्र-छात्राओं का आना जाना भी लगा रहता है, इसलिए फर्राटे मारकर दौड़ने वाले वाहनों से बचने के लिए शार्टकट अपनाया जाता है। यही शार्टकट कई बार दुर्घटना की वजह बन जा रहा है।

इस मामले में कालेज और स्कूल प्रबंधन ने नगरपालिका को लंबे समय से पहले पत्र लिखकर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की थी, लेकिन करीब डेढ़ माह पहले इसकी याद आई और तीनों जगह आधे स्पीड ब्रेकर बनाने के बाद दूसरी तरफ का काम पूरा नहीं किया। इस बीच कन्या शाला गंज के सामने बने स्पीड ब्रेकर से कई हादसे हुए। शाम के समय यहां स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त रोशनी न होने से हादसे लगातार होते रहे। वरिष्ठ पत्रकार मयंक भार्गव भी दुर्घटना का शिकार हुए तो नपा की जमकर आलोचना हुई। इसके बाद आनन-फानन में स्पीड ब्रेकर के पास लगाए गए बेरीकेड को हटा दिया गया, लेकिन दूसरी ओर के बचे ब्रेकर को बनाने के प्रयास ही नहीं हुए।

कछुआ चाल से भी हादसे की संभावना

इधर नपा ने कालेज के सामने दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बना दिए, लेकिन कन्या शाला गंज और केंद्रीय विद्यालय के सामने आज भी हालात वैसे ही है। इन ब्रेकरों से बचने के लिए वाहन चालक गलत साइड से जाकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई वाहन चालकों ने इसकी शिकायत करते हुए बताया कि स्पीड ब्रेकर पूरे नहीं बनने से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन नपा का ध्यान नहीं गया।

क्षेत्र के पार्षदों ने भी इस संबंध में अपनी आपत्ति जताई थी, लेकिन दीपावली पर्व का बहाना बनाकर पल्ला झाड़ लिया। कन्या स्कूल और केंद्रीय विद्यालय के सामने आए दिन हादसे हो रहे हैं। नपा के जिम्मेदार कह रहे हैं कि एक तरफ का ब्रेकर मजबूत होने के बाद ही दूसरी तरफ का बनाया जाता है। आश्चर्य की बात यह है कि एक तरफ का ब्रेकर बनने के बाद अब उखड़ने तक लगा है और नपा के अधिकारी गैर जिम्मेदाराना बात कह रहे हैं।

इनका कहना…

एक तरफ का ब्रेकर मजबूत होने के बाद ही दूसरी तरफ का काम होता है। दीप पर्व के अवकाश होने के कारण काम में विलंब हुआ, लेकिन अब जल्द ही यह काम पूरा करा दिया जाएगा। 

नगेंद्र वागद्रे, उपयंत्री नपा बैतूल 

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button