बस स्टैंड से लल्ली चौक तक डिवाइडर के बीच बनाया रास्ता, अब वाहन चालकों को नहीं लगाना पड़ेगा लंबा फेरा

बैतूल। शहर के मुख्य मार्ग बस स्टैंड से लेकर लल्ली चौक तक लंबे समय से वाहन चालकों को यू-टर्न लेने के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। डिवाइडर के कारण लोगों को दोनों तरफ काफी दूरी तक वाहन घुमाकर वापस आना पड़ता था, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती थी, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। अब इस समस्या का समाधान करते हुए नगर पालिका ने डिवाइडर पर तीन स्थानों पर डिवाइडर हटाकर रास्ता बनाया है। इससे वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है तो व्यापारियों ने भी नपा द्वारा दी गई सुविधा को लेकर आभार व्यक्त किया है।
500 मीटर का लगाना पड़ रहा था लम्बा फेरा
बस स्टैंड, पुलिस थाना चौराहा और लल्ली चौक के बीच यह मार्ग सबसे व्यस्त माना जाता है। यहां दिनभर बसें, ऑटो और दोपहिया वाहनों की आवाजाही के अलावा पैदल राहगीरों का आवागमन निरंतर चलता रहता हैडिवाइडर पर क्रॉसिंग के लिए जगह नहीं होने के कारण नजदीकी दुकानों या गलियों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को अनावश्यक रूप से दोनों तरफ लगभग 500 मीटर तक का फेरा लगाना पड़ता था। कई बार इससे दुर्घटना की स्थितियां भी बनती थीं, क्योंकि चालक अवैध रूप से डिवाइडर पार करने का प्रयास करते थे।
नपा लगाएंगे सांकेतिक बोर्ड
नगर पालिका द्वारा स्थानीय नागरिकों और ट्रैफिक पुलिस के समन्वय से तीन स्थानों पर डिवाइडर में उचित चौड़ाई के कट बनाए गए हैं, ताकि वाहन जरूरत के हिसाब से एक लेन से दूसरी लेन पर जा सकें। अब वाहन चालक आसानी से अपने गंतव्य की दिशा में मुड़ सकेंगे। व्यापारी वर्ग और आम जनता ने इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे ट्रैफिक में भी सुगमता आएगी और अनावश्यक भीड़ कम होगी।
हालांकि यातायात विभाग ने भी आम जनता से अपील की है कि वाहन चालक नई व्यवस्था में भी यातायात नियमों का पालन करें और कट पॉइंट्स पर वाहनों की गति धीमी रखें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। बताया जा रहा है कि नगर पालिका ने यहां संकेतक बोर्ड लगाने की भी तैयारी की है, जिससे मार्ग और अधिक सुरक्षित बन सके।




