Betul News: Video: स्वच्छता पखवाड़ा: स्कूल विद्यार्थियों उठवाया कचरा
Betul News: Cleanliness Fortnight: School students collected garbage

पूर्व विधायक ने नाराजगी जताई, प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया
Betul News: बैतूल। स्वच्छता के नाम पर स्कूल बच्चों को कचरा उठवाने का मामला जिले में चर्चा का विषय बन गया है। गत 17 सितंबर को नगर भाजपा मंडल और सीईओ जनपद पंचायत चिचोली के बीच हुए विवाद का वीडियो अभी थमा भी नहीं था कि यहीं के शासकीय उत्कृष्ट बालक विद्यालय में छात्रों से कचरा उठाने का नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बवाल मच गया है।
वीडियो में विद्यार्थी अपने सिर पर कचरा का तसला रखकर कचरा गाड़ी में कचरा डालते दिखाई दे रहे हैं। इसे लेकर घोड़ाडोंगरी विधानसभा के कांग्रेस के पूर्व विधायक ब्रह्मा भलावी ने सोशल मीडिया पर आपत्ति जताई। फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि सत्तारूढ़ पार्टी के एक प्रमुख पदाधिकारी के जिले से आए दिन सामने आ रही शर्मनाक तस्वीर, भाजपा का असली चेहरा देखना है तो बैतूल आइए। यहां एक केंद्रीय मंत्री और पांच भाजपा विधायक हैं, जहां मासूम बच्चों को पढ़ाई छोड़ मजदूरी करवाई जा रही है।
पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाए
पूर्व विधायक ने कहा कि शासकीय उत्कृष्ट बालक विद्यालय, चिचोली में पढ़ाई के स्थान पर विद्यार्थियों से पत्थर उठाने का कार्य और मैदान और परिसर की सफाई करवाई गई। उन्होंने इसे शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन करार देते हुए दोषी प्राचार्य-प्रधानाचार्य पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। स्कूली विद्यार्थियों को किताबें देने के लिए हैं, न कि फावड़े और पत्थर उठवाने के लिए। यह निंदनीय कृत्य हमारी शिक्षा व्यवस्था पर गहरी चोट है।
क्या है मामला
शनिवार को चिचोली नगर के शासकीय उत्कृष्ट बालक विद्यालय में शिक्षक और प्राचार्य की उपस्थिति में स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने स्कूल प्रांगण में साफ-सफाई की। इस दौरान बच्चों ने प्रांगण में पड़े वेस्ट मटेरियल को तसलों में भरकर कचरा गाड़ी में डालकर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। पूर्व विधायक ब्रह्मा भलावी को इस वीडियो की जानकारी मिली और उन्होंने इसे सोशल मीडिया पर साझा कर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया।
प्रबंधन का इंकार
इस मामले को लेकर शासकीय बालक उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य रमेश किनकर ने बताया कि वर्तमान समय में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी के तहत स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों और उनकी उपस्थिति में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान का आयोजन किया गया। यह पूरी तरह से आदेशों के अनुरूप किया गया कार्य है। मामले में अब शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जांच की संभावना जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद अभिभावकों और जनमानस की नाराजगी भी बढ़ रही है।




