भाजपा के बैतूल शहर में 6 माह में बढ़े चार गुणा वोट

6 मंडलों में सबसे अधिक बढ़त गंज मंडल को मिली, वार्डो में लीड के मामले में मोती वार्ड सिरमौर

बैतूल। बीते लोकसभा चुनाव के परिणाम सामने आ चुके है। भाजपा और कांग्रेस दोनों एनालिसिस कर देख रही है कि किस विधानसभा के किस क्षेत्र में कितनी बढ़त या नुकसान हुआ। हालांकि जिले की चर्चित बैतूल विधानसभा पर सबकी नजर टिकी हुई थी। प्रदेश के दिग्गज नेता और विधायक हेमंत खण्डेलवाल का विधानसभा क्षेत्र होने के कारण मिलने वाली बढ़त को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। सर्वाधिक बढ़त के मामले में संसदीय क्षेत्र में सबको पछाड़ दिया है। अकेले बैतूल विधानसभा की बात करें तो भाजपा प्रत्याशी को सर्वाधिक गंज मंडल में सर्वाधिक 13 हजार 974 मतों की बढ़त मिली है। बैतूल बाजार मंडल में सबसे कम 9 हजार 72 मतों की बढ़त भाजपा प्रत्याशी दुर्गादास उईके को मिली है।

यदि शहर के 33 वार्डो की बात करें तो एक बार फिर विधायक खण्डेलवाल के गृह मोती वार्ड में सबसे अधिक 1734 मतों की बढ़त भाजपा प्रत्याशी को मिली है। यानी विधानसभा चुनाव की अपेक्षा लोकसभा चुनाव में भाजपा की बैतूल विधानसभा से चार गुना अधिक वोट मिले है।

चुनाव परिणाम सामने आने के बाद गणना का दौर जारी है, इसमें बैतूल विधानसभा संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक बढ़त लेकर सिरमौर बना है। इसका श्रेय कहीं न कहीं भाजपा के लोकसभा चुनाव संयोजक और बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल को जाता है। उनके मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं की सशक्त टीम ने भाजपा प्रत्याशी दुर्गादास उईके को 69 हजार 491 मतों की रिकार्ड बढ़त दिलाई है। इस बढ़त में विधानसभा के सभी 6 मंडलों का खासा योगदान रहा है। एक भी क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी को बढ़त नहीं मिली है।

सर्वाधिक बढ़त में गंज मंडल ने मारी बाजी

यदि बैतूल विधानसभा के 6 भाजपा मंडलों की बात करें तो यहां गंज मंडल ने भाजपा प्रत्याशी को सर्वाधिक बढ़त दिलाई है। नगर मंडल गंज अध्यक्ष विकास मिश्रा के नेतृत्व में गंज के 16 वार्डो में भाजपा प्रत्याशी को 13 हजार 974 मतों की रिकार्ड बढ़त मिली है। दूसरे नंबर पर कोठीबाजार मंडल रहा। यहां भी मंडल अध्यक्ष विक्रम वैद्य के नेतृत्व में 12 हजार 363 वोट हासिल किए। बडोरा मंडल ने तीसरा स्थान हासिल करते हुए मंडल अध्यक्ष नीतू पटेल ने 11 हजार 997 की बढ़त दिलाई है। बैतूल ग्रामीण मंडल से 11 हजार 423, आठनेर मंडल से 10 हजार 680 और बैतूलबाजार मंडल से 9 हजार 72 वोट भाजपा प्रत्याशी को मिले है। इस मामले में सबसे पीछे बैतूलबाजार मंडल रहा है।

शहर में सर्वाधिक बढ़त मोतीवार्ड को,11 वार्डो को 1 हजार से अधिक बढ़त

सांझवीर टाईम्स द्वारा लोकसभा चुनाव के बाद किए गए आंकलन में स्थिति स्पष्ट हुई है कि बैतूल शहर में भाजपा को बम्पर वोट मिले है। अकेले बैतूल शहर की बात करें तो 33 वार्डो में यह बढ़त 26 हजार 326 वोटों पर पहुंच गई। गत विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हेमंत खण्डेलवाल 14 हजार मतों से जीत हासिल कर पाए थे, लेकिन 6 माह बाद हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा की बढ़त चार गुणा पहुंच गई। यदि आंकड़ा देखे तो सर्वाधिक बढ़त के मामले में बैतूल शहर के मोती वार्ड में 1734 वोटों से भाजपा को बढ़ती मिली। यह वार्ड बैतूल विधायक का गृह वार्ड है, इसलिए सबकी नजर टिकी हुई थी। इसके अलावा बढ़त के मामले में अंबेडकर वार्ड दूसरे स्थान पर है, यहां से 1497 वोटों की बढ़त मिली, जबकि तीसरे स्थान पर देशबंधु वार्ड में 1341 की बढ़त मिली। इसी तरह 1 हजार से अधिक वोटों के मामले में पटेल वार्ड, इंदिरा वार्ड, प्रताप वार्ड, विनोबा वार्ड, विवेकानंद वार्ड, शंकर वार्ड शामिल है। भाजपा को बैतूल शहर में सबसे कम वोटों की बढ़त की बात करें तो किदवई वार्ड का नाम आ रहा है। यह वार्ड कांग्रेस का है, लेकिन यहां से भाजपा ने केवल 3 वोटों की बढ़त हासिल की।

कांग्रेस के वार्डो में भी भाजपा की सेंधमारी

इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के परम्परागत वाले अधिकांश वार्डो में भाजपा ने सेंधमारी कर दी है। केवल आजाद वार्ड में कांग्रेस को सर्वाधिक 1329 वोटों की बढ़त मिली। इसी तरह तिलक वार्ड में 153, आर्यपुरा 357 वोटों की बढ़त हासिल की। नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान के भगत सिंह वार्ड में भी भाजपा को 551 बढ़त मिली। इसी तरह भाजपा ने कांग्रेस के किदवई वार्ड में 3 मत, जाकिर हुसैन वार्ड में 170 वोट, रामनगर वार्ड 285 वोटों की बढ़त लेकर कांग्रेस को जोर का झटका दिया है। कांग्रेस केवल तीन वार्डो में बढ़त हासिल कर पाई। लोकसभा चुनाव में उसे वोट बैंक में तगड़ा नुकसान हुआ है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button