Betul Samachar: दिन भर में खड़े किए दो पोल, फुटपाथ बनाने लगेगा एक महीना
Betul News: Two poles erected in a day, it will take a month to build the footpath

ठेकेदार का दावा, पोल हटे तो 10 दिन में बन जाएगा फुटपाथ
Betul Samachar: बैतूल। कलेक्टर के निरीक्षण के बाद थाना चौक से लल्ली चौक के बीच बनी व्हाइट टापिंग सड़क शहर एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। स्थिति यह है कि कलेक्टर की सख्ती के दूसरे दिन मात्र दो बड़े बिजली के पोल ही किए जा सके हैं। अभी करीब 7 से 8 पोल और दो ट्रांसफार्मर शिफ्ट करना बाकी है। यदि समय पर यह काम पूर्ण नहीं किया जा सका तो फुटपाथ बनाने में पूरा एक महीना लगने का अनुमान जताया जा रहा है। यह धीमी कार्यप्रणाली और लेटलतीफी नागरिकों के लिए असुविधा का कारण बन रही है।
सड़क बनने के बाद गड्ढे में तब्दील हुआ फुटपाथ
स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटपाथ न बनने से पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है। सड़क पर चलने वाले वाहनों से बचकर गुजरना उनकी मजबूरी बन चुका है। फुटपाथ नहीं होने से ट्रैफिक जाम और दुर्घटना की संभावनाएं भी बनी रहती हैं। विद्युत ठेकेदार और नपा आपसी समन्वय बनाकर काम करे तो पोल, ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग में ज्यादा समय नहीं लगेगा और सड़क बनाने वाला ठेकेदार तत्काल फुटपाथ जा काम पूर्ण कर सकता है।
तालमेल बैठाएं अधिकारी तो समय पर होगा काम
इस संबंध में ठेकेदार का साफ कहना है कि सबसे बड़ी दिक्कत बिजली के पोल के कारण आ रही है। यदि पोल शिफ्ट हो जाएं तो फुटपाथ का काम 10 दिन के भीतर पूरा किया जा सकता है, क्योंकि सड़क निर्माण के दौरान भी बिजली पोल और ट्रांसफार्मर बाधा उतपन्न कर रहे थे, जिसकी वजह से पावर मशीन चलाने में भी काफी दिक्$कते झेलना पड़ा था। फिलहाल नगर पालिका और बिजली विभाग के बीच समन्वय न होने से काम लटका हुआ है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे छोटे-छोटे कार्यों में अनावश्यक देरी प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है। अगर संबंधित विभाग समय पर आपसी तालमेल बैठाएं तो शहर के विकास कार्य तेजी से पूरे हो सकते हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पोल शिफ्ट कराकर फुटपाथ का निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि पैदल चलने वालों को राहत मिले और इस सड़क का यातायात भी सुचारू रूप से चल सके।




