Betul News: जेल की जमीन-आउटसोर्स कर्मचारियों को रखने पर कांग्रेसी पार्षदों का हंगामा
Betul News: Congress councilors create ruckus over jail land and keeping outsourced employees

परिषद के सम्मेलन में फिर लगा भेदभाव का आरोप, उपयंत्री जतिन पाल का जमकर विरोध,25 विषयों पर बनी सहमति
Betul News: बैतूल। गुरुवार को नगरपालिका परिषद का सम्मेलन हंगामे की भेंट चढ़ गया। हमेशा की तरह कांग्रेस के कुछ पार्षदों ने भाजपा समर्थित परिषद पर गंभीर आरोप लगाकर कटघरे में खड़ा कर दिया। नपा अध्यक्ष और सीएमओ पार्षदों को समझाइश देते रहे, लेकिन वे अपनी बात पर अड़िग रहे। कांग्रेसी पार्षदों का आरोप था कि प्रशासन ने बिना परिषद के अनुमति के जेल की जमीन निजी फर्म को बेच दी, जबकि पूर्व में पार्षदों को सूचना दी थी कि यह जमीन नपा खरीदकर कांप्लेक्स बनाएंगी।
कांग्रेसी पार्षदों ने उनके वार्ड में काम नहीं होने के बाद बजट मांगा। इसके अलावा बैठक में नपा द्वारा 46 आउटसोर्स कर्मचारी रखने पर भी जमकर बवाल कटा। भाजपा पार्षद आंनद प्रजापति समेत अन्य ने प्रस्ताव रखा कि जो कर्मचारी पार्षदों मि बात नहीं सुनते, उन पर कार्यवाही तय की जाए। उन्होंने विद्युत शाखा के उपयंत्री जतिन पाल द्वारा पार्षदों के मोबाइल रिसीव न करने पर भी आपत्ति जताई। अन्य पार्षदों ने भी उनकी बातों का समर्थन किया और उपयंत्री को हटाने की मांग की।हंगामे के बीच परिषद में रखे 25 विषयों पर सहमति बन गई है।

नगरपालिका का विशेष सम्मेलन गुरुवार को बाल मंदिर सभागृह में आयोजित किया गया। अपरान्ह 3 बजे शुरू हुए इस सम्मेलन में कांग्रेसी पार्षदों के स्वर शुरू से ही मुखर थे। बैठक में कांग्रेस के तिलक वार्ड के सक्रिय पार्षद अब्दुल नफीस ने हमेशा की तरह मुखर नजर आए। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान की अगुवाही में बैठक में भाजपा परिषद को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने सबसे पहले कांग्रेसी पार्षदों के वार्डों में लंबे समय से भेदभाव किया जा रहा है। पिछले दिनों पीआईसी के दिनों में थोकबंद प्रस्तावों में कांग्रेसी पार्षदों के वार्ड में नाममात्र का बजट दिया है। नेता प्रतिपक्ष ने उनकी बातों का समर्थन करते कहा कि जनता ने उन्हें जिम्मेदारी के साथ चुना है, लेकिन कांग्रेसी पार्षदों के वार्ड में जानबूझकर बजट नहीं दिया जा रहा है।
इससे कामकाज ठप हो गया है। कांगे्रस की पार्षद नंदिनी तिवारी ने भी नाराजगी जाहिर करते वार्ड में काम नहीं होने पर मुखर होकर अपनी बात रखी। नपाध्यक्ष पार्वती बारस्कर और सीएमओ सतीष मटसेनिया कांग्रेसी पार्षदों को समझाइश देते रहे कि सभी के वार्डों में नियमानुसार काम किए जाएंगे, लेकिन इस बीच अब्दुल नफीस ने अध्यक्ष और सीएमओ से कांग्रेसी पार्षदों के लिए भी बजट मांग लिया। बैठक में काफी देर तक कांग्रेसी पार्षद हंगामा करते रहे।

जेल की जमीन पर फिर तकरार
नपा परिषद के सामने जेल की जमीन को जिला प्रशासन द्वारा निजी फर्म को बेचे जाने पर कांग्रेसी पार्षदों ने जमकर बवाल मचाया। नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान और अब्दुल नफीस ने परिषद को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि पूर्व में सभी को जानकारी दी गई थी कि जेल की जमीन खरीदकर इस पर कांप्लेक्स बनाएगी, इससे नपा को राजस्व की आय होगी, लेकिन प्रशासन ने निजी फर्म को जमीन बेच दी। दोनों पार्षदों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि जमीन बेचना ही था तो परिषद में इस प्रस्ताव को रखना था, लेकिन बिना प्रस्ताव के जमीन बेचकर शहर के लोगों के साथ कुठाराघात किया गया है। इस मामले में अध्यक्ष और सीएमओ से स्पष्टीकरण मांगा। इसके अलावा पार्षदों ने अपने वार्ड में बजट पर भी भाजपा परिषद को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
हंगामे के बीच 25 विषयों पर सहमति
कांग्रेसी पार्षदों के हंगामे के बीच परिषद के सम्मेलन में परिषद के 25 विषयों सहमति बन गई। इनमें मोती वार्ड में देवी अहिल्या होल्कर की प्रतिमा स्थापित करने, निजी भवन पर होर्डिंग लगाने, इटारसी रोड पर स्थित पहुंच मार्ग का नाम हंस कीर्ति आश्रम रखने, कोठीबाजार बसस्टैंड पर साइकिल स्टैंड के ठेके लिए निविदा आमंत्रित करने, कचरा संग्रहण वाहनों की मरम्मत करने साप्ताहिक बाजार वसूली का ठेका देने, शिवाजी आडोटोरियम की दुकानें नीलाम किए जाने, विकास वार्ड में परशुराम चौक पर सार्वजनिक शौचालय निर्माण और यात्री शेड निर्माण, नगरीय क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक और डिस्पोजल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, ट्रेचिंग ग्राउंड में लेगेसी वेस्ट कार्य के अंतर्गत विभिन्न कामों के लिए पूर्व में दी गई अनुमति के समेत कुछ वार्डों में आरसीसी नाली, डामरीकरण सड़क, ह्यूम पाइप लगाने के विषय शामिल गए है।




