Betul Samachar: व्हाइट टॉपिंग सड़क निर्माण शुरू, एक रात में बनी सिर्फ 30 मीटर सड़क
Betul News: White topping road construction started, only 30 meters of road built in one night

पावर मशीन में तकनीकी खराबी, अव्यवस्थित ट्रैफिक बन रहा चुनौती
Betul Samachar: बैतूल। लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार रात कोतवाली चौक से व्हाइट टॉपिंग सड़क का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया। ठेकेदार कंपनी ने शाम 6 बजे से तैयारियां शुरू कर दी थीं, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण रात 10 बजे तक काम शुरू नहीं हो सका। देर रात करीब 30 मीटर लंबाई में सीमेंट-कांक्रीट सड़क बनाई गई, जबकि योजना के अनुसार यह कार्य सुभाष स्कूल तक होना था।

पावर मशीन बनी अड़चन
सड़क निर्माण के लिए लाई गई पावर मशीन में काम के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मशीन कांक्रीट को समतल करने का काम सही ढंग से नहीं कर पा रही थी, जिससे सिर्फ सीमित क्षेत्र में ही कार्य हो पाया। तकनीकी दिक्कत के चलते निर्माण कार्य की गति धीमी रही।
अव्यवस्थित ट्रैफिक से निर्माण में बाधा
सड़क निर्माण के लिए कोतवाली चौक से सुभाष स्कूल तक दोनों ओर बैरिकेड लगाकर मार्ग बंद किया गया था। इस दौरान यातायात डायवर्ट किया गया, लेकिन अव्यवस्थित ट्रैफिक और राहगीरों की असुविधा के कारण मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। कुछ लोगों ने रास्ता बंद किए जाने पर आपत्ति जताई और ठेकेदार के कर्मचारियों से बहस की।हालांकि, ठेकेदार ने सड़क निर्माण के लिए जिला प्रशासन से पूर्व में अनुमति प्राप्त कर ली थी, और भारी ट्रैफिक को देखते हुए कार्य स्थल पर मार्ग बंद करना जरूरी था।
निर्माण एजेंसी के अनुसार, बिना मार्ग बंद किए इस सड़क पर काम कर पाना संभव नहीं है। करीब 10 दिन पहले ही इस सड़क पर डामर व गिट्टी की बेस परत डाली गई थी, लेकिन लगातार बारिश के चलते वह परत जगह-जगह से उखड़ गई थी। इससे निर्माण एजेंसी की तैयारियों पर भी सवाल उठे थे। अब जबकि मुख्य निर्माण कार्य शुरू हुआ है, तो संसाधनों की तकनीकी दिक्कतें फिर रुकावट बन रही हैं।




