Betul Ki Khabar: बारिश में उखड़ रही व्हाइट टॉपिंग सड़क की गिट्टियां, कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त
Betul Ki Khabar: Pebbles of white topping road are getting uprooted in rain, many vehicles crashed

राम मंदिर के पास गिट्टियों से पट गई सड़क, सुभाष स्कूल से लल्ली चौक तक फिसलन बढ़ी
Betul Ki Khabar: बैतूल। कोठीबाजार में बन रही व्हाइट टॉपिंग सड़क एक बार फिर चर्चा में है। वजह है कि बारिश शुरू होते ही सड़क पर बिछाई गई डामर गिट्टियों का जगह-जगह से उखड़ना। इस फिसलन भरी सड़क ने दोपहिया चालकों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। कई वाहन फिसल चुके हैं, लोग घायल हो रहे हैं और डर के मारे गलियों से होकर निकलना पड़ रहा है। सुभाष प्रायमरी स्कूल से लेकर लल्ली चौक तक सड़क पर बिछी डामर गिट्टियां अब सतह पर नजर आ रही हैं। राम मंदिर के सामने तो सड़क जगह-जगह से धंस चुकी है, गड्ढों से पट चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हाल सिर्फ बारिश की वजह से नहीं, बल्कि घटिया निर्माण सामग्री और समय से पहले दिखावे के काम की वजह से हुआ है।
मशीनें हैं, काम नहींज् ठेकेदार ने सिर्फ खानापूर्ति की
निर्माण साइट पर बड़ी-बड़ी मशीनें खड़ी हैं, लेकिन काम बंद पड़ा है। लगातार बारिश का बहाना बनाकर मुख्य सीमेंट कंक्रीटिंग रोकी जा रही है। सवाल यह है कि जब मानसून सामने था, तब इस तरह का काम शुरू ही क्यों किया गया? नियम तो ये कहते हैं कि बरसात से पहले सड़क बनकर तैयार होनी चाहिए थी, ताकि जनता को राहत मिलती, मुसीबत नहीं।
बजट खर्च दिखाने की जल्दबाजी में शुरू हुआ निर्माण
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य को जल्दबाजी में शुरू किया गया ताकि फाइलों में बजट खर्च दिखाया जा सके। नतीजा ये कि अब गिट्टियों पर चलना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और दुपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान हैं ।लोगों की मांग है कि जब तक मौसम अनुकूल नहीं हो जाता, तब तक इस सड़क पर यातायात रोका जाए या कोई वैकल्पिक मार्ग दिया जाए। हर दिन हो रही दुर्घटनाएं बताती हैं कि लापरवाही अब जानलेवा बन रही है।




