Betul News: बुजुर्ग की सीने में दर्द के बाद मौत, परिजनों का हंगामा
Betul News: Elderly man dies after chest pain, family members create ruckus

4 थानों की पुलिस बुलाना पड़ा, परिजनों का गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप
Betul News: घोड़ाडोंगरी। ओझाढाना निवासी एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घोड़ाडोंगरी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए घोड़ाडोंगरी, रानीपुर, सारनी, शाहपुर और चोपना थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई।
परिजनों के अनुसार सिमरत पाखरे (60) को सोमवार दोपहर सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें बिना किसी विशेष जांच के इंजेक्शन लगाकर घर भेज दिया। शाम को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

शव लेकर फिर पहुंचे परिजन
परिजन शव को लेकर दोबारा अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर पर गलत इलाज और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। रात करीब डेढ़ बजे तक अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे शाहपुर एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, घोड़ाडोंगरी तहसीलदार संतोष पथोरिया, चार थानों की पुलिस बल और पुलिस लाइन से पहुंचे अतिरिक्त बल की मौजूदगी में दो डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के पुत्र अविनाश पाखरे ने बताया कि बिना किसी जांच के पिताजी को इंजेक्शन लगा दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और मृत्यु हो गई। हम डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। मृतक के भतीजे मंगल सिंह पाखरे ने भी डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि सीने में दर्द की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया, यदि सही इलाज किया जाता तो शायद मौत नहीं होती।



