Betul Crime News: स्क्रेप, तांबे के तार चुराने वाला गिरोह पुलिस गिरफ्त में
Betul Crime News: Gang stealing scrap, copper wire arrested by police

कोतवाली पुलिस की एक और सफलता, 5 लाख का मशरूका भी जब्त
Betul Crime News: बैतूल। कोतवाली पुलिस को तीन चोरियों का खुलासा करने में बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने चोरी के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लगभग 5 लाख का मशरूका जप्त किया है। पुलिस कंट्रोल रूम में शुक्रवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए बैतूल एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि फरियादी खेड़ी सांवलीगढ़ निवासी मंचित पिता शंकरराव कुंभारे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान से मोटर पंप से निकले 50 किलो तांबे के तार अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिए।
आतिश पिता शिवप्रसाद सोनी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि निर्माणाधीन चिरायू अस्पताल परिसर से अज्ञात चोरों द्वारा हेवल्स कंपनी के 8 बंडल कॉपर वायर चोरी कर लिए। कोठीबाजार निवासी फरियादी विजेन्द्र पिता उमानारायण अवस्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि निर्माणाधीन पेट्रोल पंप गौठाना से 30 मीटर हेवल्स कंपनी का कॉपर वायर चोरी हो गया है। पुलिस ने इन तीनों चोरियों का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए बताया कि चोरी की घटना में सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
फुटेज के आधार पर संदेही युवकों से पूछताछ की जिन्होंने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। चोरी के मामले में पुलिस ने भारत भारती निवासी नितिन पिता दिलीप विश्वकर्मा (36), रितिक पिता सुभाष विश्वकर्मा (24), खंजनपुर निवासी पवन उर्फ प्रवीण पिता शिवप्रसाद विश्वकर्मा (33) और सूरज उर्फ एलियन पिता तुकाराम भावसार (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 8 बंडल कॉपर वायर, 50 किलो तांबे का स्क्रेप, 30 मीटर कॉपर वायर और घटना में प्रयुक्त की गई तीन स्कूटी जप्त की है।
जप्त किए गए मसरूका की कीमत 4 लाख 93 हजार 210 रूपए आकी गई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने में कोतवाली थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया, उपनिरीक्षक राकेश सरियाम, प्रधान आरक्षक विनय पांडे, दिनेश निमोदा, नानकराम शिव कुमार, आरक्षक नितिन चौहान और दुर्गेश वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




