Betul Ki khabar: रात 10 बजे शुरू हुआ व्हाइट टॉपिंग का कार्य, मशीनों ने संभाला मोर्चा
Betul's news: White topping work started at 10 pm, machines took over

जनहित में प्रकाशित समाचार के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय, नागरिकों में दिखी खुशी
Betul Ki khabar: बैतूल। सांझवीर टाईम्स द्वारा जनसमस्या को लेकर प्रकाशित की गई खबर का तत्काल असर देखने को मिला। प्रमुख थाना रोड पर बहुप्रतीक्षित व्हाइट टॉपिंग सड़क निर्माण कार्य प्रशासन की सक्रियता के चलते शुक्रवार रात 10 बजे आरंभ कर दिया गया। भारी मशीनरी और श्रमिकों की तैनाती के साथ कार्य प्रारंभ होते ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। कार्य प्रारंभ होते ही सर्वप्रथम सड़क की मापजोख की गई, तत्पश्चात दोनों ओर खुदाई कर गिट्टी की परत बिछाई गई। रविवार रात समतलीकरण का कार्य रोलर मशीनों की सहायता से किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त रहता है, इसलिए यातायात बाधित न हो, इसी कारण से रात्रिकालीन निर्माण का निर्णय लिया गया है।
जेसीबी और ट्रैक्टरों से हुआ खुदाई एवं भराव का कार्य
स्थानीय नागरिकों द्वारा सड़क निर्माण में हो रही अनदेखी और देरी को लेकर व्यक्त की जा रही नाराजगी के बीच शुक्रवार रात जेसीबी मशीनें और ट्रैक्टर मौके पर पहुंचाए गए। लगभग 50 मीटर क्षेत्र में खुदाई कर तत्क्षण मिट्टी हटाई गई और गिट्टी डालकर भराव किया गया। सुपरवाइजर ने जानकारी दी कि अब निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है और शेष कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
बस स्टैंड से लल्ली चौक तक युद्धस्तर पर चल रहा निर्माण
इधर, बस स्टैंड से लल्ली चौक तक भी सड़क और नाली निर्माण कार्य गति पकड़ चुका है। एमजी कॉम्प्लेक्स और नगर पालिका कार्यालय के सामने दोनों ओर की पक्की नालियों का निर्माण लगभग पूर्ण कर लिया गया है। अब ठेकेदार द्वारा ज्योति टॉकीज की दिशा से सड़क निर्माण प्रारंभ किया गया है। मार्ग को बेरिकेड्स लगाकर आमजन के लिए बंद कर दिया गया है। सड़क पर बड़े आकार की गिट्टी बिछाने के बाद रोड रोलर से समतलीकरण किया जा रहा है। इसके उपरांत डामर गिट्टी की परत बिछाई जाएगी। संभावना है कि आगामी दो से चार दिनों में यह निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। स्थानीय रहवासियों में कार्य प्रारंभ होने से समाधान की आशा बलवती हुई है।




