Betul Choupati : चौपाटी पर दुकानों का काम अब भी अधूरा, टीन शेड नहीं लगने से त्रिपाल के सहारे कारोबार
कई महीने बाद भी पूरा नहीं हुआ चौपाटी का कायाकल्प, दुकानों की बदहाल व्यवस्था से बिगड़ रही खूबसूरती

Betul Choupati : बैतूल। नेहरू पार्क चौपाटी को महानगरों की तर्ज पर आकर्षक और व्यवस्थित बनाने की कवायद की रफ्तार बेहद धीमी है। कई महीने बीतने के बाद भी चौपाटी की दुकानों का काम पूरी तरह पूरा नहीं हो पाया है। दुकानों का शेड तैयार कर दिया गया है, लेकिन दुकानों के सामने लगने वाले टीन शेड और दुकान के नाम का काम अब तक लंबित है। इसके कारण दुकान संचालकों को पुराने ढर्रे पर त्रिपाल लगाकर कारोबार चलाना पड़ रहा है।
चौपाटी पर प्रतिदिन अलग-अलग व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में यहां दुकानों को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने की योजना बनाई गई थी। विधायक हेमंत खण्डेलवाल के निर्देश के बाद नगरपालिका द्वारा चौपाटी के कायाकल्प का काम शुरू कराया गया था। उम्मीद थी कि काम पूरा होने के बाद चौपाटी का स्वरूप महानगरों की तर्ज पर नजर आएगा, लेकिन काम की धीमी गति के कारण यह योजना अभी अधूरी दिखाई दे रही है
नाम के साथ लगना है टीन शेड
चौपाटी पर दुकानों के सामने लगाए जाने वाले टीन शेड पर संबंधित दुकान का नाम भी अंकित किया जाना है। फिलहाल यह काम नहीं होने से दुकानदारों ने धूप और बारिश से बचने के लिए त्रिपाल लगा रखे हैं। अलग-अलग रंग और आकार के त्रिपाल लगे होने से चौपाटी की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि जब चौपाटी को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की योजना है तो काम को जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
नामों की सूची को लेकर अटका काम
दुकानों का काम पूरा नहीं होने को लेकर नगरपालिका और ठेकेदार की ओर से अलग-अलग वजह बताई जा रही है। ठेकेदार का कहना है कि नगरपालिका की ओर से अभी तक दुकान संचालकों के नाम उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। दुकानों के सामने लगने वाले टीन शेड पर नाम अंकित किए जाने हैं। नामों की सूची मिलते ही काम जल्द पूरा किया जा सकता है। वहीं नगरपालिका अधिकारियों का कहना है कि दुकान संचालकों के नाम और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं एक व्यक्ति के नाम पर दो दुकानें तो नहीं हैं। जांच पूरी होने के बाद सूची तैयार कर दुकानों का आवंटन किया जाएगा। इसके बाद लंबित काम पूरा कराया जाएगा।
इनका कहना…
दुकानों का काम अभी जारी है। कुछ दुकानदारों की सूची दे दी है। कुछ नामों की सूची बाकी है। सामने वाले टीन शेड में दुकानों का नाम के साथ टीन शेड लगाया जाएगा। जल्द ही काम पूरा किया जाएगा।
ब्रजगोपाल परते, राजस्व निरीक्षक, नगरपालिका, बैतूल




