Betul News: ताप्ती बैराज के लिए जेम्स से दो मोटर खरीदेगी नपा
Betul News: NAPA will buy two motors from James for Tapti Barrage

मोटर के बार-बार खराब होने से जल सप्लाई प्रभावित, देर शाम सीएमओ पहुंचे बैराज
Betul News: बैतूल। शहर की पेयजल सप्लाई के आधार स्तंभ ताप्ती बैराज पर लगी दो मोटरों में बार-बार तकनीकी खराबी आने से नपा की परेशानी बढ़ गई है। रविवार मोटर सुधरकर आने के बाद दूसरी मोटर खराब होने से पेयजल व्यवस्था लड़खड़ा गई। जानकारी मिलते ही सीएमओ सतीष मटसेनिया रविवार देर शाम ताप्ती बैराज पहुंचे। उन्होंने जल शाखा के तकनीकी कर्मचारियों से चर्चा करने के बाद बार-बार मोटर खराब होने पर नाराजगी जताई। इस बीच विधायक हेमंत खंडेलवाल और कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने भी पेयजल सप्लाई पर चिंता जताते हुए सीएमओ को जेम्स से दो नई मोटर क्रय करने के निर्देश दिए है। नपा शीघ्र टेंडर निकालकर मोटर खरीदने की तैयारी कर रही है।
ताप्ती बैराज में पानी सप्लाई के लिए दो बड़ी मोटर निर्माण करने वाली कंपनी ने लगाई थी। टेंडर के अनुसार मोटर की देखरेख उसी कंपनी को करना था, लेकिन कंपनी ने हाथ खड़े कर दिए। यही वजह है कि करीब 8-9 वर्ष पहले बनाए गए ताप्ती बैराज पर आए दिनों मोटर में तकनीकी परेशानी आ रही है। जानकार बताते हैं कि सबसे अधिक परेशानी मोटर की बैरिंग खराब होने से आ रही है। यह बैरिंग भोपाल में भी उपलब्ध नहीं हो पाते हैं। जिस जगह मोटर सुधरती है, यह बैरिंग भी मुंबई से बुलवाएं जाते हैं। भोपाल की तोशिबा इलेक्ट्रानिक्स को ठेका नपा ने दिया है, लेकिन मरम्मत के चंद दिनों बाद बैराज की मोटर खराब हो जा रही है। इससे नपा की पेयजल व्यवस्था लड़खड़ाना आम बात हो गई है। कंपनी की लापरवाही के कारण अब उसे नपा ब्लैकलिस्टेड की तैयारी कर रही है।

भोपाल से सुधरकर आई, फिर खराब हुई मोटर
नपा सूत्रों ने बताया कि बैराज की एक मोटर रविवार को ही सुधरकर आई थी। पूर्व में यहां तीन मोटर लगी थी, लेकिन एक पूरी तरह खराब होने के कारण जल सप्लाई दो मोटर से की जा रही है। करीब 18 किमी दूर तक शहर में पानी लाने के लिए दो मोटर की आवश्यकता होती है। रविवार को सुधरकर आई एक मोटर से काम चल ही रहा था कि दूसरी मोटर खराब होने से पानी की व्यवस्था लड़खड़ा गई। बताया जाता है कि जो मोटर सुधरकर आई थी। यह एक पखवाड़े से तोशिबा इलेक्ट्रानिक्स में मरम्मत का इंतजार कर रही थी। जब सीएमओ ने नाराजगी जताई, तब इसे सुधारकर बैतूल भेजा गया।
जानकारी मिलते ही पहुंचे सीएमओ
इधर रात आठ बजे बैराज की एक मोटर खराब होने से जल व्यवस्था लड़खड़ाने की जानकारी मिलते ही सीएमओ सतीष मटसेनिया बैराज पहुंच गए। उन्होंने मोटर मरम्मत पर नाराजगी जताई। कंपनी द्वारा ठेका लेने के बाद मोटर की अच्छे से मरम्मत नहीं की जा रही, इसलिए उसे ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश अधीनस्थों को दिए। इस बीच सीएमओ ने विधायक एवं कलेक्टर को बार-बार मोटर के खराब होने से बार बार पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने की जानकारी दी। दोनों ने सीएमओ को नई मोटर जेम्स के माध्यम से खरीदने के निर्देश दिए। हालांकि इस बीच शहर में पेयजल व्यवस्था सोमवार कुछ वार्डों में लड़खड़ाई है। शात तक इसे दुरुस्त करने की संभावना है।
इनका कहना..
भोपाल की जिस इलेक्ट्रिकल दुकान को मोटर मरम्मत का ठेका दिया है, वहां पर गंभीर लापरवाही बरती गई है। मोटर सुधरकर आने के बाद बार-बार खराब हो रही, इसलिए इलेक्ट्रिकल दुकान को ब्लैकलिस्ट किया जा रहा है। विधायक और कलेक्टर से चर्चा के बाद बैराज के लिए दो नई जेम्स से खरीदने के लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू करेंगे।
सतीष मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल




