Betul News: पुत्रों और अब दोस्तों ने भी लिखवाया वाहनों पर विधायक
Betul News: Sons and now friends also got MLA written on their vehicles

घोड़ाडोंगरी में विधायक पद का खुलेआम दुरुपयोग, एक साथ कई वाहनों पर लिखने से सरकारी तंत्र भी बेबस
Betul News: बैतूल। घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके पहली बार विधानसभा में पहुंची है। हालांकि विधायक बनने के पहले वे शिक्षिका थी और अपने पति एवं पूर्व विधायक सज्जन सिंह उइके के निधन के बाद सक्रिय राजनीति में उतरी। उन्हें राज्य शासन ने महिला आयोग का सदस्य भी बनाया। इसके बाद वे विधायक चुनी गई, लेकिन शिक्षित होने के बावजूद सरकारी नियमों के पालन में उनकी कोई रूचि दिखाई नहीं दे रही है। यही वजह है कि वे किसी न किसी मामले को लेकर सुर्खियों में बनी रहती है। ताजा मामला विधायक के वाहनों को लेकर चर्चा बटोर रहा है। खबर है कि दोनों पुत्रों के अलावा कुछ दोस्तों ने भी नियमों का उल्लंघन कर अपने वाहनों पर विधायक के साथ हुटर भी लगवा लिया है। इससे न सिर्फ अधिकारी बल्कि जिम्मेदार भी भ्रमित हो रहे हैं।
घोड़ाडोंगरी में भाजपा की विधायक गंगा उइके अक्सर छोटे-छोटे मामलों में अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देती है। हालांकि विधायक होने के नाते यह उनका दायित्व है , लेकिन हर विभागों के कामों में उनसे पूछकर या सलाह लेकर काम न करने पर वे अधिकारियों पर भड़क जाती है। इससे कई मर्तबा अप्रिय स्थिति निर्मित होते बची है। कुछ दिनों पहले वे यदुवंशी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर पवन यादव को अपने घर से समय न होने के कारण मिलने से इंकार कर चुके हैं। यह मामला अभी खूब सूर्खियों में हैं। इसके बाद विधायक उइके पहलगाम आतंकवादी हमले में पर्यटकों को श्रद्धांजलि देने के बजाए उनकी जिंदा पत्नियों को भी श्रद्धांजलि देकर चर्चा में आई। इससे कांग्रेस को खासा मुखर होने का मौका मिल गया। अब विधायक अपने पुत्रों को दे रही छूट पर विवादों में घिर गई है।
विधायक के अलावा दोनों पुत्रों ने भी लगाई नेमप्लेट
चौकाने वाली बात यह है कि घोड़ाडोंगरी विधायक इनोवा क्रिसटिला से सफर करती है। उनके वाहन का नंबर एमपी 04-जेडजेड- 8333 है। इस वाहन से पूरे सरकारी कार्यक्रमों और भोपाल तक का सफर विधायक इसी वाहन से करती है। इस वाहन में हूटर भी लगे हैं। हालांकि विधायकों को हूटर लगाने का अधिकार नहीं है, लेकिन अधिकारी पावर के सामने नतमस्तक है। यह बात अभी चर्चा में ही है कि जानकारी सामने आई है कि उनके दोनों पुत्र फर्च्युनर और स्कार्पियो वाहन का उपयोग कर रहे हैं, इस पर भी बकायदा नेमप्लेट लगी होने के साथ हूटर भी लगे हैं। यानी एक घर में तीन-तीन विधायकों से लोग भ्रमित हो रहे हैं। सरकारी नियमों के अनुसार विधायक केवल नेमप्लेट लगा सकती है, लेकिन जिले में अधिकारी नतमस्तक नजर आ रहे हैं। इस संबंध में विधायक गंगा उइके को चर्चा करने के लिए उनके मोबाइल नंबर काल किया, लेकिन उनके गनमैन ने कार्यक्रम में होने के कारण चर्चा नहीं कराई।
दोस्तों का भी फायदा कराने में परहेज नहीं
इधर सूत्रों ने बताया कि विधायक पुत्रों ने सत्ता के मोह ऐसे कई काम किए हैं, जिससे विधायक की परेशानी लगातार बढ़ रही है। सूत्र बताते हैं कि विधायक के एक पुत्र के किसी दोस्त ने भी अपने वाहन पर बकायदा विधायक लिखवा लिया है। हालांकि उनके दोस्त का नाम तो पता नहीं चला, लेकिन बैतूल शहर में अक्सर एमपी 09-डब्ल्यूएच-7010 वाहन धमाचौकड़ी करता नजर आता है। शहर में चौक चौराहों पर इस वाहन को देख चौक जाते हैं, लेकिन इस वाहन से केवल एक युवक ही अक्सर दिखाईर् देता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने वाहन खंजनपुर में खड़ा देखा है। आरटीओ रजिस्ट्रेशन के अनुसार इस वाहन में वाहन मालिक का नाम नहीं आ रहा है, लेकिन उज्जैन से वाहन लेने की बात सामने आ रही है। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि विधायक के पुत्र किस तरह की राजनैति कर रहे हैं, जिससे उनकी छवि खराब हो रही है।
इनका कहना…
शासकीय निमय के अनुसान विधायक भी अपने वाहन पर हूटर नहीं लगा सकते हैं। यह सामान्य तौर पर नेमप्लेट जरूरी लगवाई जा सकती है, लेकिन उनके परिवार या अन्य लोग विधायक लिखकर नहीं चल सकते हैं। यह पूरी तरह मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
गजेंद्र केन, यातायात प्रभारी, बैतूल




