Betul Samachar: चमचमाती सड़क बनाने में नपा भूली ड्रेनेज सिस्टम, पहली बारिश में दिखेगी बदइंतजामी
Betul News: While building a shiny road, the municipality forgot the drainage system, mismanagement will be visible in the first rain

अगले माह बारिश शुरू होते ही तलैया बनेगी बसस्टैंड से लल्ली चौक की सड़क, डामर की क्वालिटी पर उठेगा सवाल
Betul Samachar: बैतूल। शहर में बसस्टैंड से लल्ली चौक तक बनाई जा रही नई डामर सड़क जल्द ही परेशानी का सबब बन सकती है। वजह साफ है – इस पूरे हिस्से में सड़क के दोनो तरफ ड्रेनेज सिस्टम का नामोनिशान तक नहीं है। ऐसे में बारिश के पानी की निकासी न हो पाने से सड़क पर जलभराव होना तय है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क का निर्माण जनहित में होना अच्छी बात है, लेकिन बिना समुचित योजना के हो रहे निर्माण कार्य से सड़क जल्द ही गड्ढों में तब्दील हो जाएगी। इसकी वजह है सड़क के दोनो तरफ बारिश के पानी की निकासी न होने की व्यवस्था। कुल मिलाकर एक बार फिर नागरिकों को नपा की बिना प्लानिंग किये जाने वाले विकास कार्यों का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। लाखों रुपए की बर्बादी ब्याज में होगी। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक बारिश के पहले ही यहां ड्रेनेज सिस्टम का काम भी कम्प्लीट किए जाने की बात कही गई है।
बारिश होते ही होगा जलभराव, सड़क बनेगी तलैया
नपा द्वारा लल्ली चौक से बसस्टैंड तक युद्ध स्तर पर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन यह सड़क ज्यादा दिनों तक टिकाऊ रह सकेगी यह विषय आम नागरिकों के लिए चिंता का सबब बना हुआ है, क्योंकि लल्ली चौक से बस स्टैंड के बीच सड़क के दोनों तरफ जल निकासी के लिए नालियां ही नहीं बनाई गई हैं। ऐसे में स्वाभाविक है कि बारिश के मौसम में सड़क पर जल भराव की स्थिति निर्मित होगी और दुकानदारों के साथ साथ आम नागरिकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। दुकानदारों का कहना है कि वर्तमान में जो डामर युक्त सड़क बनाई जा रही है वह सड़क की ऊंचाई बेस से लगभग 15 से 20 इंच बढ़ाई गई है। बेशक सड़क में दोनो तरफ ढलान भी दिया जा रहा है, लेकिन जब लगातार बारिश होना शुरू होगा तो ढलान से उतरकर पानी सड़क पर ही जमा होगी, क्योंकि दोनों तरफ पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था ही नहीं है। ऐसे में सड़क तलैय्या बन जाएगी और अल्प समय मे ही दम तोड़ देगी। लाखों रुपए बर्बाद होंगे वो अलग।
टेंडर तो हुए, लेकिन काम का नहीं ठिकाना
जन हित से जुड़े इस मामले को लेकर जब पड़ताल की गई तो जानकारी मिली है कि बसस्टैंड से लेकर थाना चौक तक ड्रेनेज निर्माण के टेंडर नपा द्वारा कर दिए गए हैं। टेंडर गंज की एक कंस्ट्रक्शन फर्म को दिया गया है। इस सम्बंध में नपा अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण के बाद ड्रेनेज का काम तत्काल शुरू करवाया जाएगा, ताकि बारिश के पूर्व काम पूरा हो सके। मौजूदा हालातों में सड़क निर्माण के साथ साथ, विद्युत लाइन, पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के काम भी चल रहे हैं। सड़क पर यातायात भी काम मे बाधा उत्पन्न कर रहा है। ऐसे में यह सम्भव नहीं हो पा रहा कि ड्रेनेज का काम भी शुरू कर दिया जाए। हालांकि जिस स्थान पर ड्रेनेज बनाया जाना है उन स्थानों पर चुने की लाइन डलवाई गई हैं उतनी जगह छोड़कर सड़क का डामरीकरण करवाया जा रहा है। प्रयास हैं कि अगले सप्ताह तक ड्रेनेज का काम शुरू करवा दिया जाएगा।
अब ड्रेनेज का साइज डेढ़ से बढ़ाकर तीन फीट किया
सड़क की बर्बादी के साथ साथ जनता के पैसों की भी बर्बादी न हो इसके लिए सांझवीर ने ठेकेदार से भी वस्तुस्तिथि पर चर्चा की, ठेकेदार भगवत चढोकार ने बताया कि ड्रेनेज के साइज में नपा द्वारा परिवर्तन किया गया है। पहले ड्रेनेज की चौड़ाई डेढ़ फीट और ऊंचाई चार फीट रखी गई थी, लेकिन अब चौड़ाई 3 फीट कर दी गई है। इससे ड्रेनेज की कास्ट भी बढ़ रही है, लेकिन अभी तक इसकी तकनीकी स्वीकृति मुझे प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि अगले सप्ताह से ड्रेनेज का काम शुरू कर दिया जाएगा । जितना काम हो सकेगा उतना काम तो पूर्ण कर ही लिया जाएगा, ताकि आम जनता को समस्याओं का सामना न करना पड़े।
एक्पर्ट व्यू….
विशेषज्ञों की राय में बिना ड्रेनेज के बनी सड़कों की उम्र बेहद कम बताई गई है। सिविल इंजीनियर दिव्यंक पांडेय ने बताया कि सड़क निर्माण के साथ साथ ड्रेनेज का होना बेहद आवश्यक है। पानी और डामर दोनों एक दूसरे के दुश्मन की तरह होते है। जैसे ही डामर सड़क पर पानी जमा होता है। सड़क पानी सोखने लगती है और डामर उखड़ने लगता है। नगर पालिका द्वारा इस मार्ग पर लाखों रुपये खर्च कर सड़क बनाई जा रही है, लेकिन यदि पानी की निकासी नहीं हो पाई, तो यह सारा पैसा व्यर्थ जाएगा।
इनका कहना….
ड्रेनेज का काम अगले सप्ताह से शुरू किया जाएगा, क्योंकि मौजूदा हालातों में सड़क निर्माण के साथ साथ ड्रेनेज का काम शुरू नहीं किया जा सकता। ड्रेनेज का स्पेस छोड़कर डामरीकरण किया जा रहा है।
नीरज धुर्वे, एई नपा बैतूल
ड्रेनेज के साइज में परिवर्तन किया गया है ,लेकिन तकनीकी स्वीकृति अभी नहीं मिली है। अगले सप्ताह से काम शुरू कर देंगे।
भगवत चढ़ोकार, ठेकेदार




