Betul News: विधायक डॉ. पंडाग्रे की कांग्रेस खेमे में बड़ी सैंधमारी
Betul News: MLA Dr. Pandagre makes a big dent in the Congress camp

सारनी के दो कांग्रेसी पार्षदों का इस्तीफा, आमला में भी तीन पार्षद छोड़ेंगे पार्टी
Betul News: बैतूल/सारनी/आमला। एक दिन पहले ही सांझवीर टाईम्स ने कांग्रेस को लग सकता है बड़ा झटका, भाजपा के संपर्क में कई नेता और पार्षद शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। दूसरे ही दिन वार्ड नंबर 25 और वार्ड नंबर 22 के पार्षदों ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस पार्टी से त्याग पत्र देने सम्बंधित पोस्ट अपलोड कर सांझवीर टाईम्स की खबर पर मुहर लगा दी है। इसी तरह आमला नगर पालिका में भी कांग्रेस खेमे में आमला विधायक डॉ. पंडाग्रे ने सेंधमारी की तैयारी कर ली है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यहां से भी तीन पार्षद कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने वाले है।
सारनी से हमारे संवाददाता कालीदास चौरासे के मुताबिक सारनी में पिछले कुछ दिनों से कांग्रेसी पार्षद नाराज होकर पार्टी छोड़ने का मन बना चुके थे। इन्हें पार्टी में शामिल करने के लिए क्षेत्रीय विधायक डॉ. पंडाग्रे विशेष प्रयास करते दिखाई दिए। नतीजा यह सामने आ रहा है कि आज ही यानी बुधवार को दोनों कांग्रेस पार्षद भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर कर ली है। कांग्रेस पार्षदों द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट अपलोड कर मोबाइल बंद कर लेने से पार्टी में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि दोनों पार्षद अपने अपने भाजपा समर्थकों के साथ सुरक्षित है।
सूत्र बताते है कि दोनों पार्षदों ने बैतूल पहुंचकर डॉ. पंडाग्रे के समक्ष पार्टी की सदस्यता गृहण कर ली है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्षदों की पार्टी में कोई सुन नहीं रहा था। मनमुताबिक कार्य किया जा रहा था। खबर है कि एक दिन पहले ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के गेस्ट हाउस में हुई बैठक में भी वार्ड नंबर 22 के पार्षद ने खुलकर कहा कि मेरी कोई सुनवाई नहीं होती, इसलिए मैं पार्टी से इस्तीफा दे रहा हूं। जबकि कुछ पार्षद समझाइश के बाद शांत रहे, लेकिन बुधवार को वार्ड नंबर 25 के पार्षद आकाश प्रधान ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जिसका जरा भी अंदाजा कांग्रेसियों को नहीं था। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के और भी तीन पार्षद भाजपा के संपर्क में हैं।
आमला में भी ऐसे ही हालात
सूत्र बताते है कि ऐसे ही हालात आमला में भी है। यहां भी असंतुष्ट कांग्रेसी पार्षदों को भाजपाई खेमे में लाने के लिए डॉ. पंडाग्रे ने पहले से ही रणनीति बनाई थी इसी का नतीजा हुआ कि 3 से 4 अन्य कांग्रेसी पार्षद भी शाम तक या गुरूवार भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते है। यदि ऐसा हुआ तो कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका माना जा सकता है। इसे विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे की बड़ी राजनीति उपलब्धि माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेसी पार्षदों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने के बाद विधायक ने रसोई रेस्टोरेंट में बुधवार दोपहर में सहभोज भी कराया। इससे विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे चतूर राजनीति के रूप में उभरे है।




