Betul Ki Khabar: साल भर में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के 169 प्रकरण दर्ज

खनिज विभाग ने की 1 करोड़ 5 लाख 77 हजार रुपए अर्थदंड की वसूली

Betul Ki Khabar: बैतूल। वित्तीय वर्ष 2024-25 में खनिज विभाग द्वारा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के प्रकरणों में प्रभावी कार्यवाही की गई है। खनिज विभाग द्वारा लगभग डेढ़ सैकड़ा से ज्यादा प्रकरण दर्ज कर करोड़ों रुपए के अर्थदंड प्रस्तावित किए हैं। अधिकांश प्रकरणों में वसूली भी की जा चुकी है तो कई मामले अन्य न्यायालयों में अपील के चलते विचाराधीन भी हैं। जहां से प्रकरणों का निपटारा होना बाकी है।

वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1 अप्रेल 2024 से 9 मार्च 2025 की अवधि तक खनिज विभाग द्वारा अवैध परिवहन के कुल 127 प्रकरण दर्ज किए गए थे। इनमें से 118 प्रकरणों का निराकरण कराए जाने में विभाग सफल तो हुआ ही बल्कि तगड़ी वसूली भी की है। उप संचालक खनिज मनीष पालेवार के मुताबिक अवैध परिवहन के मामलों में विभाग द्वारा 127 मामलों में कुल 86 लाख 73 हजार 6 सौ 26 रुपए का अर्थदंड प्रस्तावित किया था। इनमें से 118 मामलों का निराकरण हो चुका है। अभी तक संबन्धितों से लगभग 76 लाख 86 हजार 5 सौ 1 रुपए की वसूली शासन के खाते में जमा कराई जा चुकी है।

अवैध उत्खनन के मामलों में अरबों रुपए का ठोका जुर्माना

खनिज विभाग द्वारा एक साल की अवधि में अवैध उत्खनन के मामलों में अरबों रुपए का जुर्माना ठोंका है। इसकी वसूली भी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन के कुल 16 प्रकरण दर्ज कर संबन्धितों पर 1 अरब 37 करोड़ 83 लाख 50 हजार रुपए जुर्माना प्रस्तावित कर प्रकरण कलेक्ट्रेट कोर्ट में पेश किए गए। जहां 12 प्रकरणों के निराकरण में सम्बन्धितों पर 1 अरब 36 करोड़ 39 लाख 10 हजार 2 सौ 50 रुपए अर्थदंड लगाया गया। पालेवार के मुताबिक इन मामलों में अभी तक 16 लाख 76 हजार 250 रुपए की राशि की वसूली की गई है।

अवैध भंडारण के मामलों में भी करोड़ों का जुर्माना

खनिज नियम के मुताबिक खनिज का भंडारण किए जाने के लिए विभाग की अनुमति लिया जाना जरूरी है। अनुमति न लिए जाने की दशा में खनिज अधीकारियों द्वारा नियम विरुद्ध भंडारण के 26 मामले दर्ज कर 2 करोड़ 14 लाख 15 हजार 8 सौ 72 रुपए जुर्माना प्रस्तावित किया गया। 15 मामलों के निराकरण के बाद सम्बन्धितों पर 1 करोड़ 49 लाख 76 हजार 7 सौ 50 रुपए जुर्माना लगाया गया। इसके विरुद्ध विभाग द्वारा 12 लाख 14 हजार 2 सौ 50 रुपए के वसूली की है।

169 में से 145 मामले निराकृत, 1 करोड़ से अधिक वसूले

जिले में खनिज विभाग द्वारा कुल 169 अलग-अलग मामले दर्ज किए थे। इनमे से 145 मामलों का निराकरण हो चुका है। कलेक्टर न्यायालय के माध्यम से जिन मामलों का निराकरण हो चुका है, उन मामलों में खनिज विभाग द्वारा 1 करोड़ 5 लाख 77 हजार रुपए की वसूली कर ली है। शेष वसूली को लेकर उप संचालक खनिज ने बताया कि कई मामले अपील के चलते कमिश्नर कोर्ट सहित अन्य न्यायालयों में विचाराधीन हैं। न्यायालयों के आदेश के अनुरूप बाकी मामलों में भी वसूली की जाएगी।

इनका कहना….

अभी तक अवैध खनिज के कुल 169 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कुछ प्रकरणों के निराकरण के बाद वसूली की है। कुछ प्रकरण अपील में है। आदेश के मुताबिक वसूली की जाएगी।

मनीष पालेवार, उप संचालक खनिज, बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button