Betul News – प्रशासनिक कोना: राजस्व अधिकारी आखिर दूसरे विभाग प्रमुख पर क्यों भड़की?? बीपी बढ़ने पर किस साहब ने बाल संप्रेक्षण गृह में ली शरण??? जुए को लेकर किस टूस्टार के जलवे की चर्चा जोरों पर???? विस्तार से पढ़िए हमारे चर्चित कॉलम प्रशासनिक कोना में……..

राजस्व अधिकारी क्यों भड़की?
पिछले दिनों एक शहर में उल्टी दस्त से लोगों के पीड़ित होने के बाद राजस्व विभाग की एक महिला अधिकारी खासी नाराज बताई जा रही है। उक्त महिला अधिकारी का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें जानकारी न देकर सीधे उतारा बड़े साहब को कर दिया। बड़े साहब के यहां पर पहुंचते ही व्यवस्थाएं गड़बड़ मिलने पर उन्हें भी नाराजगी का कोपभाजन बनना पड़ा।
साहब ने उनके अलावा लापरवाहओं पर भी जमकर नकेल कसी। साहब के जाने के बाद महिला अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी से सीधे बड़े साहब को बताने पर अपनी नाराजगी जताई तो वे भी तपाक से बोल पड़े कि आप अपना मोबाइल चेक करिए। दरअसल स्वास्थ्य विभाग वाले साहब ने महिला अधिकारी को जानकारी देने के लिए फोन किया था, लेकिन आदत के मुताबिक वे इससे अटेंट नहीं कर पाई और दूसरों पर बरस पड़ी।
साहब ने बीपी बढ़ने पर संप्रेक्षण गृह में ली शरण
पिछले कई सालों से जिले में टिके एक साहब बीपी की बीमारी से परेशान हैं। महिलाओं से सम्बंधित विभाग के मुखिया का बीपी कब बढ़ जाए, इसका कोई भरोसा नहीं है। चाहे साहब ड्यूटी पर हो या नहीं, ऐसा ही कुछ पिछले दिनों देखने को मिला है। अचानक ड्यूटी टाइम में साहब का ब्लड प्रेशर बढ़ गया। साहब का घबराना भी लाजिमी था। ड्रायवर को तत्काल तलब किया गया।
आदेश हुआ कि सीधे बाल संप्रेक्षण गृह कूच किया जाए। जैसे ही साहब बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे, कर्मचारी भी सकते में आ गए, लेकिन साहब के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों ने थोड़ी राहत की सांस ली और तीमारदारी में जुट गए। बताया जा रहा है कि साहब ने करीब दो घंटे तक बाल संप्रेक्षण गृह में आराम फरमाया। जब लगा कि सब कुछ ठीक हो चुका है। इसके बाद साहब यहां से रुखसत हुए, लेकिन शहर की एक पॉश कालोनी में साहब का निवास होने के बावजूद बाल संप्रेक्षण गृह में आराम फरमाना गले के नीचे नहीं उतर रहा है।
टू स्टार के जलवे की खूब चर्चा
यूनिफार्म वाले एक विभाग में हाल ही में एक जुएं की फड़ पर छापा पड़ने की खूब सुर्खियां रही। पहले तो बड़े जुएं की रकम को मामूली कर दिया गया। इसके बाद खबर है कि राजधानी स्थानांतरित हो चुके एक टू स्टार की भूमिका संदिग्ध है। दरअसल वे इसलिए रिलीव नहीं हुए, क्योंकि उन्हें राजधानी के शहर के बजाए देहात क्षेत्र में जानी की इच्छा है। इसी बहाने वे यहां पर जमे हैं। चूंकि पहले वे जिला मुख्यालय के एक प्रमुख थाने में जमे थे। उनका यही कनेक्शन दूसरे थाने में देखने को मिला। चर्चा है कि उन्होंने ही गैंग को जुआ चलाने की परमिशन दी, लेकिन बड़े साहब को जैसे ही खबर लगी, उन्होंने अपनी टीम भेजकर टू स्टार की भूमिका पर पानी फेर दिया। चर्चा यह भी है कि इन्हीं साहब ने जुआरियों को खुलेआम फड़ जमाने की अनुमति दी थी।




