Betul Samachar: लंबे समय बाद बैतूल में अखिल भारतीय क्रिकेट प्रतियोगिता में देश की दिग्गज टीमें आएगी, कई रणजी प्लेयर भी चौके- छक्के लगाते दिखेंगे
Betul Samachar: After a long time, great teams of the country will come to the All India Cricket Competition in Betul, many Ranji players will also be seen hitting fours and sixes.

Betul Samachar: बैतूल। बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम मेें आगामी 27 फरवरी से अखिल भारतीय राजीव कप लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में देश के नामी रणजी खिलाड़ी चौके-छक्के लगाते दिखेंगे। करीब एक माह तक चलने वाली इस प्रतियोगिता की खासियत है कि पहली बार बीसीसीआई के अधीन आने वाले दो अंपायर प्रतियोगिता में मौजूद रहेंगे। उन्हीं की देखरेख में प्रत्येक मैच का आयोजन किया जाएगा। विजेता टीम को करीब 3 लाख रुपए नकद और उपविजेता टीम को 2 लाख रुपए की राशि राजीव गांधी फैंस क्लब, आरके दीवान फैंस क्लब और सोनालिका टै्रक्टर की ओर से संयुक्त रूप से दी जाएगी। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरणों में पहुंच गई है।
आयोजन समिति के विश्वास दीक्षित, राजकुमार दीवान, राजेश गावंडे, बब्बा राठौर ने बडोरा स्थित सोनालिका टै्रक्टर पर आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि बैतूल में संभवत: पहली बार बीसीसीआई की देखरेख में विशाल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। आयोजन समिति के विश्वास दीक्षित ने बताया कि यह प्रतियोगिता नाक आउट दौर के आधार पर खेली जाएगी। प्रतियोगिता में सबसे अधिक मैच जीतने वाली टीम फाइनल में प्रवेश करेगी। दीक्षित ने बताया कि बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में इस विशाल प्रतियोगिता में बाहर के खिलाड़ियों के रूकने और भोजन की व्यवस्था भी समिति कर रही है। बीसीसीआई के दो अंपायर प्रतियोगिता होने तक बैतूल में ही रूकेंगे। समिति के राजकुमार दीवान ने बताया कि आयोजन की पूरी तैयारियां हो चुकी है। प्रत्येक मैच 35-40 ओवरों का खेला जाएगा। उन्होंने बताया कि एक दिन में केवल एक ही मैच होगा। समिति ने सभी क्रिकेट प्रेमियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्टेडियम पहुंचने की अपील की है।
दिग्गज खिलाड़ियों और टीमों की मौजूदगी
आयोजन समिति के विश्वास दीक्षित और राजकुमार दीवान ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें शामिल हो रही है। इसमें बैतूल की चार टीमें भी शामिल हैं। देश की ख्यातिनाम क्रिकेट टीमों के आने की अनुमति मिल गई है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में रणजी खिलाड़ियों से सजी आगरा, दिल्ली, झांसी, पूना, जलगांव, भिलाई, नागपुर, इंदौर, लखनाउ, गोरखपुर, इलाहबाद, मथुरा जैसी मजबूत टीमों के आने से क्रिकेट प्रेमियों को करीब से देखने का मौका मिलेगा। समिति ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है।
इनकी मौजूदगी में होगा शुभारंभ
समिति ने बताया कि 27 फरवरी को सुबह 10 बजे लेदर बाल अखिल भारतीय क्रिकेट स्पर्धा का शुभारंभ बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उइके, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार के मुख्य आतिथ्य में होगा। स्पर्धा के शुभारंभ पर विशेष अतिथि प्रदेश कांग्रेस के महा सचिव और भोपाल के ख्यातिनाम राधारमन इंस्ट्टीयूट आफ इंजीनियरिंग के डायरेक्टर संजीव सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, नपा अध्यक्ष पार्वती बारस्कर, प्रदेश कांग्रेस सचिव समीर खान, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामू टेकाम मौजूद रहेंगे।




