Betul News: विधायक ने कहा था वार्डों से हटेंगे अतिक्रमण, नपा विनोबा तक सिमट गई

Betul News: MLA had said that encroachments will be removed from the wards, NPA was limited to Vinoba

शेष 32 वार्डों के अतिक्रमण हटाने आज तक नहीं हुए प्रयास, पार्षद भी अपने आप को ठगा महसूस कर रहे

Betul News: बैतूल। बैतूल नगरपालिका में भारी भरकम महकमा होने के बाद भी खुद सीएमओ समेत अधिकारियों की ही अपने अमले पर पकड़ नहीं है। ऐसे में विधायक यदि कोई निर्देश दे तो इसकी भी अवहेलना आम बात होते जा रही है। कुछ माह पहले विधायक हेमंत खंडेलवाल को मिल रही शिकायतों के बाद उन्होंने परिषद की बैठक में पहुंचने पर शहर के मुख्य मार्गों के अलावा वार्डों से भी अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू करने के निर्देश दिए थे, लेकिन दो माह बीतने के बाद नपा केवल विनोबा वार्ड तक सिमट कर रह गई। शेष 32 वार्डों में अभी भी अभियान शुरू नहीं हो पाया है। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि विधायक के निर्देश भी नपा के जिम्मेदार रद्दी की टोकरी में डाल रहे हैं।

शहर के अधिकांश वार्डों में पहुंच मार्ग वाली गलियां अतिक्रमण के कारण कहीं से 20 से 10 तो कहीं 25 से 15 फीट पर सिमट कर रह गई है। इसके लिए कोई और नहीं बल्कि वार्ड के ही लोग जिम्मेदार है जिन्होंने अपने मकान के आगे तक शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर छज्जा, पोर्च, सीढ़ी समेत अन्य निर्माण कर सड़क को सकरा कर दिया है। हद तो यह हो गई कि इन सड़कों पर यदि दो वाहन एक साथ आ जाए तो निकलना मुश्किल हो जा रहा है।

वार्ड के पार्षद इन अतिक्रमण को हटाने के लिए चाहकर भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं। चूंकि उन्हें मोहल्ले की नेतागिरी करना है, इसलिए यह मामला कुछ माह पहले परिषद की बैठक में भी पार्षदों ने विधायक हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में उठाया था। चूंकि विधायक को भी वार्डों में अतिक्रमण करने की शिकायत मिल रही थी। उसके बाद उन्होंने पार्षदों की शिकायत को जायज बताते हुए सीएमओ और राजस्व विभाग के जिम्मेदारों को अभियान चलाकर वार्डों से भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।

दिखा त्वरित असर, लेकिन विनोबा वार्ड तक सिमट गई कार्रवाई

विधायक के निर्देश के बाद नपा का राजस्व अमला कुछ ही दिनों में कार्रवाई को अंजाम देने लगा। सबसे पहले श्ुारुआत विनोबा वार्ड से ही हुई। यहां पर एक के बाद एक 4 से 5 अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई। इसके बाद एक मर्तबा राजस्व विभाग की टीम विनोबा वार्ड से सटी शंकर वार्ड में जरूर पहुंची। यहां से 1 अतिक्रमण हटाने की जानकारी सामने आई। हालांकि बाद में 2-3 मर्तबा राजस्व विभाग की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए विनोबा वार्ड में ही पहुंची और कार्रवाई कर वापस आ गई। कहा जा रहा है कि यहां की पार्षद शीला महाले के पूर्व पार्षद पति की सक्रियता के कारण ही विनोबा वार्ड में टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी, लेकिन शेष वार्डों में आज तक कृपा नहीं बनी।

मुंह तक रहे दूसरे वार्ड के पार्षद

विधायक के निर्देश पर पार्षदों को उम्मीद थी कि उनके वार्डों में भी सुरसा की मुंह की भांति फैला अतिक्रमण हटना शुरू हो गया, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। दो माह बीत जाने के बाद भी शहर के विनोबा वार्ड को छोड़कर शेष वार्ड में अतिक्रमण हटाने अमला नहीं पहुंच पाया। जबकि क्षेत्रीय पार्षद अतिक्रमण चिन्हित कर राजस्व अमले से आग्रह कर चुका है। बताया जाता है कि कुछ पार्षदों की राजस्व विभाग के अधिकारियों से अतिक्रमण हटाने को लेकर बहस भी हुई, लेकिन आज तक शेष वार्डों में अतिक्रमण हटाने के लिए कोई प्रयास शुरू नहीं हुए, इससे अधिकांश वार्डों के पार्षदों में नाराजगी पनप रही है।

शासकीय जमीन पर अपना समझ कर लिया कब्जा

वार्डों में अतिक्रमण की इंताह पार हो गई है। शहर के 33 में से ऐसा कोई वार्ड नहीं बचा है, जहां पर लोगों ने बेजा अतिक्रमण शासकीय जमीन को अपना समझने में कसर नहीं छोड़ी है। जहां पर खाली जगह देखी वहां पर कार खड़ी करने के लिए शेड बना डाला। अधिकांश जगह हालात यह है कि सड़क के 2 से 3 फीट आगे तक लोहे और सीमेंट के अतिक्रमण कर लिए गए। यही अतिक्रमण वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। दर्जनों गलियां ऐसी हैं, जहां पर सड़क 20 फीट से सिमटकर 10 फीट पर रह गई। इससे आए दिनों विवाद की स्थिति बन रही है। मामले थाने और नपा तक पहुंच रहे हैं, लेकिन नपा का राजस्व अमला केवल अपना राग, अपनी ढपली अलाप रहा है।

इनका कहना…

सभी वार्डों में अतिक्रमण को चिन्हित कर लिया गया है। रविवार को चंद्रशेखर वार्ड से अतिक्रमण हटाना शुरू किया है। अब हर वार्ड में राजस्व अमले और पटवारियों से जमीन का नाप-जोप कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेंगे।

ब्रजगोपाल परते, राजस्व निरीक्षक, नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button