नए शराब ठेके की सुगबुगाहट शुरूकई पार्टनरों की कारोबार से तौबा करने की तैयारी
टेंडर के लिए शासन से अब तक नहीं मिले निर्देश, ठेकेदार भी कर रहे इंतजार


सांझवीर टाईम्स, बैतूल। नए शराब ठेकों की नीलामी को अभी लगभग ढाई माह का समय बाकी है, लेकिन ठेके लेने और नहीं लेने की सुगबुगाहट अभी से शुरू हो गई है। हालांकि आबकारी विभाग को शासन स्तर पर अभी कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किए हैं, लेकिन माना जा रहा है कि जिले की शासकीय मदिरा दुकानें नीलाम किए जाने के पहले रिनीवल का रास्ता अपनाया जा सकता है। इधर कारोबार से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि, पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी टेंडर के माध्यम से ही दुकाने नीलाम होने की संभावना बन सकती है। जानकारी मिली है कि नए वित्तीय वर्ष में कई ठेकों के पार्टनर भी इस कारोबार से तौबा करने का मन बना चुके हैं।
69 देशी-विदेशी मदिरा दुकानों की होगी नीलामी
शराब ठेकों को लेकर चल रही सुगबुगाहट के बीच आबकारी विभाग अभी मौन साधे हुए है, क्योंकि नई शराब नीति को लेकर विभाग को कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं, लेकिन ठेकेदारों ने आगामी ठेकों को लेकर फील्डिंग जमानी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक नए ठेकों को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि पिछले वर्ष की तुलना में 20 प्रतिशत राशि बढ़ाकर शासन ठेके रिनिवल कर सकता है, लेकिन इसकी संभावना कम ही नजर आ रही है, क्योंकि जिले की 69 दुकानों की नीलामी को लेकर इस तरह की कोशिशें पहले भी की जाती रही हैं, लेकिन ऐन वक्त पर विभाग को टेंडर प्रक्रिया से ही ठेकों का वितरण करना पड़ा।
कई पार्टनर शराब कारोबार से दूरी बनाने की तैयारी में
आमतौर पर करोड़ों के शराब ठेके का नियमित व्यवसाय करने वालों में कुछ कारोबारी ही शामिल हैं। इनमे भी कई पार्टनर शामिल रहते हैं, जो सिर्फ पूंजी निवेश के साथ मुनाफे के कुछ प्रतिशत के हकदार होते हैं। जानकारी मिल रही है कि नए वित्तीय वर्ष के ठेकों को लेकर कई पार्टनर ऐसे भी हैं, जिन्होंने इस कारोबार से दूरी बनाए जाने का मन बना लिया है, लेकिन संभावना यह भी जताई जा रही है कि अभी ठेके होने में करीब ढाई माह का वक्त बाकी है। इन ढाई माह में क्या स्थिति बनती है, उसके बाद पार्टनर अपने फैसलों पर पुन: विचार भी कर सकते हैं।
इनका कहना …
शराब दुकानों के ठेकों को लेकर शासन से अभी कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। जो भी निर्देश मिलेंगे, भविष्य में वैसी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
अंशुमान सिंह चढ़ार जिला आबकारी अधिकारी बैतूल




