Betul Samachar: महाराष्ट्र चुनाव में बैतूल के दिग्गजों की भी प्रतिष्ठा दांव पर 

Betul Samachar: Reputation of Betul veterans also at stake in Maharashtra elections

भाजपा से चंद्रशेखर, राजा, अलकेश और कांग्रेस से सुखदेव, हेमंत, गोठी को मिली महत्ती जिम्मेदारी

Betul Samachar: बैतूल। पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बैतूल जिले के भाजपा-कांग्रेस नेताओं की प्रतिष्ठा भी दाव पर लगी है। दोनों पार्टियों ने महाराष्ट्र की सीमा से सटे बैतूल जिले ेके दिग्गजों को प्रभारी और जिम्मेदारी देकर उनका न सिर्फ कद बढ़ाया है, बल्कि प्रतिष्ठा भी दाव पर लगा दी है। आगामी 20 नवंबर को महाराष्ट्र की सभी विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है। ऐसे में जिस पार्टी की सरकार बनती है तो जिले के दिग्गजों का कद भी बढ़ेगा।

जिले की सीमा से महाराष्ट्र के अमरावती, नागपुर और वरूड़ की सीमा लगी है। यहां के लोगों का सीधे तौर पर बैतूल बल्कि मुलताई, भैंसदेही समेत ग्रामीण अंचलों में आना-जाना लगा रहता है।

यहां के लोग जिले के जनप्रतिनिधियों से भी कहीं न कहीं जुड़े हैं, इसलिए हर चुनाव में जिले के नेताओं को महाराष्ट्र में महत्वपूर्ण जवाबदारी दी जाती है। इस बार दोनों ही पार्टियों के लिए यह चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दो गुट अलग-अलग मैदान में है।

कांग्रेस शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के अलावा उद्धव ठाकरे की शिवसेना के साथ मैदान में है, जबकि भाजपा शिंदे गुट की शिवसेना और अजीत पवार की एनसीपी के साथ गठबंधन बनाकर ताल ठोक रही है। पूरे महाराष्ट्र के चुनाव पर देश की नजर टिकी है, इसलिए जिले के भाजपाई-कांग्रेसियों को दी गई जिम्मेदारी कहीं न कहीं परिणामों के बाद उनके राजनैतिक कद में इजाफा कर सकती है।

भाजपा ने जिले के दिग्गजों को उतारा मैदान में

भाजपा ने इस बार महाराष्ट्र से सटी विधानसभा के दिग्गजों को मैदान में उतारा है। एमपी के इन दिग्गजों का पड़ोसी राज्य में कहीं न कहीं दबदबा बताया जाता है। मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख को अमरावती जिले की परतवाड़ा विस का प्रभारी बनाया गया है। वे अपने अलावा भैंसदेही विधानसभा के कार्यकर्ताओं की टीम के साथ मोर्चा संभाले हैं। पूर्व विधायक अलकेश आर्य को नागपुर जिले की चर्चित कामठी विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। यह हॉट सीट प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले के मैदान में आने से चर्चित है।

यहां राष्ट्रीय स्तर के नेता सभा कर चुके हैं। इस सीट पर बैतूल के पूर्व विधायक अलकेश आर्य को प्रभारी बनाया गया है। अलकेश अपने मैनेजमेंट के कारण भाजपा में लोकप्रिय चेहरा है। वे लगातार कामठी में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए गांव-गांव घूम रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार को अमरावती शहर विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। राजा के बारे में कहा जाता है कि वे न सिर्फ अपने मुलताई शहर बल्कि महाराष्ट्र के वरूड़ बल्कि अमरावती तक चर्चित चेहरा है। उनकी अमरावती में भी अच्छी पकड़ है, इसलिए पार्टी ने उन्हें यहां की जवाबदारी सौंपी है। राजा पिछले कई दिनों से अमरावती में अपनी टीम के साथ डटे हैं। वे कार्यकर्ताओं की बैठक से लेकर चुनाव की पूरी कमान अपने हाथ में लिए हुए हैं।

कांग्रेस में पांसे समेत अन्य की प्रतिष्ठ दाव पर

अपने मैनजमेंट का हमेशा लोहा मनवाने वाले पूर्व मंत्री और कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे को कांग्रेस ने महत्ती जिम्मेदारी देकर नागपुर लोकसभा का प्रभारी बनाया है। यह लोकसभा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की है, लिहाजा पांसे की प्रतिष्ठा यहां पर दाव पर लगी है। वे पिछले कई दिनों से नागपुर लोकसभा की सभी 6 सीटों पर प्रत्याशियों को जीत दिलाने में ताकत झोंक रहे हैं।

इसके अलावा नागपुर की तीन विधानसभा नागपुर सेंट्रल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे, नागपुर उत्तर में आमला से विधानसभा चुनाव लड़ चुके मनोज मालवे और नागपुर दक्षिण-पश्चिम में सीसीबी के पूर्व अध्यक्ष अरूण गोठी को प्रभारी बनाया गया है। पांसे के नेतृत्व में जिले के तीन नेताओं ने भी जमकर मोर्चेंबंदी की है, इसलिए पांसे समेत तीन वरिष्ठ कांग्रेसियों की प्रतिष्ठा भी यहां पर दाव पर लगी है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button