Betul News: बैतूल की कॉलेज छात्रा ने युवक के साथ भोपाल में लगाई फांसी
Betul News: College student of Betul hanged herself with a youth in Bhopal

भाई-बहन बताकर किराए के कमरे में रहते थे, पुलिस मामले की जांच में जुटी
Betul News: बैतूल। भोपाल के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में बैतूल निवासी कॉलेज की छात्रा और एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लीं। बताया जा रहा है कि युवक-युवती कई दिनों से कमरा किराए से लेकर रहते थे। इस आत्महत्या की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। अयोध्या नगर के थाना प्रभारी महेश लिल्होरे ने बताया कि गुरुवार को अयोध्या नगर में बैतूल के ग्राम बिसनूर निवासी युवक सोनू पिता रमेश महाले (23) और घाना जोड़ निवासी 19 वर्षीय युवती पायल गुजरे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लीं। युवक-युवती भाई-बहन बताकर एक ही कमरे में रहते थे। उन्होंने अयोध्या नगर में एक कमरा किराए से लिया था। फांसी किस कारण से लगाई, इसका अभी कोई खुलासा नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि मृतक युवती कॉलेज की छात्रा थीं और वह पार्ट टाइम जॉब भी करती थीं। युवक भी कहीं काम करता था। बताया जा रहा है कि मकान मालिक को दोनों ने भाई-बहन बताकर एक साथ रहने की बात कही थीं।
मकान मालिक ने सुबह लगाई थी पानी भरने आवाज
पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह मकान मालिक पानी भरने के लिए आवाज लगाई थीं। रूम से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। मकान मालिक ने भी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। जब शाम 4 बजे तक रूम का गेट नहीं खुला तो उन्हें संदेह हुआ। मकान मालिक ने खिड़की से कमरे में झाककर देखा तो युवक-युवती फंदे पर लटके थे। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मृतक युवक-युवती ने भले ही मकान मालिक को भाई-बहन होने की बात बताई थी, लेकिन पुलिस प्रेमी और प्रेमिका के एंगल से जांच कर रही है। दोनों के सरनेम अलग-अलग है। अयोध्या थाने की पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद ही घटना और रिलेशन के बारे में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मोबाइल जब्त कर कमरा किया सील
पुलिस ने बताया कि घटना स्थल पर युवक-युवती के शव के पास दोनों के मोबाइल फोन मिले है। दोनों मोबाइल को जब्त किया है। मोबाइल में लॉक होने के कारण पुलिस खंगाल नहीं पाई है। इन्हें फोरेंसिक लैब भेजा गया है। पुलिस को मौके पर कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंच गई थीं। इस मामले में मकान मालिक से भी पुलिस पूछताछ करेगी। फिलहाल पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। फिलहाल आत्महत्या मामले की जांच जारी है।




