Video: क्रिकेट खेलने के विवाद में युवक को अधमरा करते तक पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शुरू की पड़ताल

घोड़ाडोंगरी। तहसील के बांसपुर गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की दो अन्य युवकों ने पिटाई कर दी। युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। घायल युवक को घोड़ाडोंगरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फ़िलहाल उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे घोड़ाडोंगरी पुलिस अस्पताल पहूंची और घायल युवक के बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी के एएसआई संत कुमार परतेती ने बताया कि बांसपुर गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान यहीं के रहने वाले राकेश अखण्डे के साथ दो लड़कों ने मारपीट की है। क्रिकेट खेलने के दौरान दूसरी पारी में राकेश के कैच आउट होने के बाद घर जाने लगा, इसी बात पर दूसरी टीम के खिलाड़ियों द्वारा राकेश से कहा गया मैच छोड़कर क्यों भाग रहे हो और गाली गलौज करने लगे। जिस पर राकेश ने गाली गलौज देने से मना किया तो दो लड़कों ने राकेश के साथ जमकर मारपीट की।
वायरल हो रहे वीडियो में युवक को अधमरी हालत में खून से लथपथ होकर जमीन पर देखा जा रहा है। घायल युवक को घोड़ाडोंगरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल से तहरीर मिलने पर युवक के बयान लिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवकों पर मामला दर्ज जांच की जा रही है।




