Betul News : बैतूल की 118 कालोनियों पर लटकी तलवार, मंत्री को भेजी जानकारी
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मांगी थी जानकारी, पुरानी और नई कालोनियों का चिट्ठी भेजा

बैतूल। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहले चरण में प्रदेश के नगरीय क्षेत्र में विद्यमान अनाधिकृत कालोनियों पर शिकंजा कसने की तैयारियां शुरू हो गई है। प्रदेश के नगरीय विकास एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सभी जगह से अनाधिकृत अवैध कालोनियों की जानकारी नगरपालिकाओं से मांगी थी। इसके बाद नगरपालिका ने निकाय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 118 अवैध कालोनियों की सूची भेज दी है। कहा जा रहा है कि समीक्षा के बाद इन सभी अवैध कालोनियों पर एक-एक कर कार्रवाई शुरू हो जाएगी। मंत्री द्वारा मांगी गई जानकारी के बाद अवैध कालोनाइजरों में जबरदस्त हड़कंप मचने की खबर है।
सूत्र बताते हैं कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री अवैध कालोनियों को लेकर मिलने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं अधिकारियों के साथ शहरी क्षेत्रों की अवैध कालोनियों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान प्रदेश में हजारों की संख्या में अवैध कालोनियों के मामले सामने आए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग के अधिकारी जानकारी जुटाने में लगे हैं। पिछले दिनों नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त -सह सचिव भरत यादव ने प्रदेश के समस्त कलेक्टर और संभाग आयुक्त के अलावा निगम आयुक्त और परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण से अवैध कालोनियों को लेकर 12 बिंदुओं में जानकारी मांगी है। यह जानकारी मांगने के तीन दिन बाद उपलब्ध कराना था। बताया जाता है कि विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में बनी करीब 118 कालोनियों की जानकारी भोपाल भेज दी गई है। अब यहां से अगली कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
एक-एक जिले की हुई समीक्षा
जानकार सूत्रों ने बताया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा गत दिवस जानकारी के बाद एक-एक जिले की कालोनियों की समीक्षा की है। इसमें 31 दिसंबर 2016 के पूर्व अस्तित्व में आई अनाधिकृत कालोनियों पर ज्यादा फोकस किया गया है। 2016 के बाद की कालोनियों की विभागीय मंत्री ने समीक्षा है।
सूत्र बताते हैं कि नगरीय क्षेत्र में अनाधिकृत कॉलोनियों में नगरपालिका नियम 2021 के अंतर्गत नागरिक अधोसंरचना और भवन निर्माण अनुमति प्रदान करने के लिए सक्षम अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई है। सूत्र बताते हैं कि बैतूल जिले में वर्ष 2016 के पहले 93 और इसके बाद 25 कालोनियों का निर्माण किया गया है। दोनों ही मामलों में समीक्षा की गई है।
सूत्र बताते हैं कि कुछ दिन बाद एक-एककर अवैध कालोनियों पर प्रशासन का चाबूक चलेगा।
पहले शहर, फिर ग्रामीण क्षेत्र की कालोनियों पर कार्रवाई
जानकार सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री के अवैध कालोनियों के मामले में सख्ती बरतने के पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बाद सबसे पहले शहरी क्षेत्र में बनी सैकड़ों अवैध कालोनियों पर नागरिक अधोसंरचना भवन निर्माण करने के लिए सक्षम प्राधिकारियों के माध्यम से कार्रवाई शुरू की गई है।
सूत्र बताते हैं कि पहले चरण में शहरी क्षेत्र की कालोनियों पर कार्रवाई होगी। अकेले बैतूल नगरपालिका के अंतर्गत कुल 118 कालोनियां बनाई गई है। प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक इसके बाद ग्रामीण अंचलों की कालोनियों की भी संख्या सामने आएगी। शहरी के बाद ग्रामीण अंचलों में बनाई गई कालोनियों पर भी कार्रवाई तय होगी।
इनका कहना…
हम से मांगी गई जानकारी भोपाल भेज दी गई है। बैतूल नगरपालिका के अंतर्गत वर्ष 2016 के पहले की 93 और इसके बाद की 25 कालोनियों की सूची सौंपी गई है। आदेश मिलने के बाद हम आगे की कार्रवाई करेंगे।
नीरज धुर्वे, एई नपा बैतूल।




