पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे पति की जमकर पिटाई, गम्भीर हालत में पुलिस ने किया आईसीयू में भर्ती

बैतूल। अपनी पत्नी को लेने चिचोली थाना क्षेत्र के ग्राम जामठी पहुंचे पति की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक युवक लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ था। पुलिस ने भी बिना देरी किए युवक को तुरन्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां आईसीयू में युवक को उपचार दिया जा रहा है। मारपीट के इस मामले में पुलिस ने गांव के ही दो युवकों पर प्रकरण दर्ज किया है।
चिचोली थाना प्रभारी संतोष सिंह रघुवंशी ने बताया कि पिपरिया निवासी निखिल मालवीय जो पेशे से ड्रायवर है। उसने वर्ष 2023 में जामठी गांव में रहने वाली माधुरी से प्रेम विवाह किया था। लगभग 1 साल साथ रहने के बाद माधुरी वापस अपने परिजनों के पास आ गई थी। गुरुवार सुबह जब निखिल उसे लेने जामठी पहुंचा तो माधुरी ने उसके साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। गांव के लोग भी जमा हो गए थे। इसी बीच गांव के ही दो युवक दीपक और सतीश ने निखिल की जमकर पिटाई कर दी जिससे निखिल के सिर सहित शरीर पर गम्भीर चोट आई हैं।
सूचना मिलते ही बल लेकर मौके पर पहुंचे जहां निखिल बेसुध पड़ा हुआ था। उसे तुरन्त इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पीड़ि़त निखिल की शिकायत पर दीपक और सतीश के खिलाफ प्रकरण कायम कर जब जांच की गई तो जानकारी मिली है कि पीड़ित निखिल भी आपराधिक प्रवृत्ति का है। पिपरिया थाने में उसके खिलाफ प्रकरण भी दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता पीड़ि़त की उपचार देने की है। पीड़ित के बयान लेने के बाद पिपरिया थाने से निखिल के आपराधिक रिकार्ड की जानकारी भी ली जाएगी।




