Betul News: डीटीओ की वेबसाइट बंद होने से लाइसेंस बनाने का काम ठप, उपभोक्ता कई दिनों से परिवहन कार्यालय के काट रहे चक्कर
Betul News: Due to closure of DTO website, the work of making license came to a standstill, consumers have been making rounds of the transport office for many days.

Betul News:(बैतूल)। जिला परिवहन कार्यालय में आनलाइन प्रक्रिया वाले कामकाज पिछले कुछ दिनों से ठप पड़े है। लाइसेंस सहित अन्य के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। वेबसाइट कब तक शुरू होगी, इसकी जानकारी भी अधिकारियों को नहीं है। बताया जा रहा है कि वेबसाइट को अपडेट करने का काम किया जा रहा है, इससे परेशानियां खड़ी हो गई है। जानकारी के अनुसार पिछले दस दिनों से डीटीओ की साइट बंद है, इससे ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदकों के फोटो डीटेल जानकारी अपलोड नहीं हो पा रही है। वाहन खरीददारों के रजिस्ट्रेशन का काम भी नहीं हो पा रहा है। कुछ लोग ऐसे हैं जो वाहनों के बकाया टैक्स, फिटनेस और परमिट से जुड़े कामों को लेकर परिवहन कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन वेबसाइट बंद होने से मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय से 7 से 10 किमी दूर जिला परिवहन कार्यालय है। लोग इतने दूर जाकर खाली हाथ वापस लौट रहे हैं। वेबसाइट के बंद होने से आनलाइन संबंधित लगभग पूरे काम प्रभावित हो गए है। कार्यालय में लोगों की भीड़ देखी जा सकती है।
दिन में बन रहे 3 से 4 लाइसेंस
जिला परिवहन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वेबसाइट बंद होने के कारण लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया बहुत धीमी गति से चल रही है। एक दिन में बमुश्किल तीन से चार लाइसेंस ही बन पा रहे हैं। अधिकांश समय साइट बंद रहती है। वैसे जिला परिवहन कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लाइसेंस सहित अन्य कामकाज होता है, लेकिन जब से साइट बंद है तब से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह परेशानी कब तक चलेगी, अधिकारी भी कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। पहले परिवहन संबंधित कामकाज आफ लाइन हो जाते थे, लेकिन अब सारे काम आनलाइन कर दिए गए हैं। आनलाइन बिना कोई भी काम अब संभव नहीं है। ऐसे में लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है।
शुल्क देने के बावजूद नहीं हो रहा काम
जिला परिवहन कार्यालय से संबंधित कई कामकाज लोग स्वंय जाकर कार्यालय से करवाते हैं। कुछ लोग एजेंटों का भी सहारा लेते हैं। डीटीओ की साइट बंद होने के कारण हालात यह निर्मित हो गए है कि शुल्क देने के बावजूद भी काम पूरा नहीं हो पा रहा है। ऐसे में लोगों की नाराजगी भी बढ़ने लगी है। कई बार तो लोग परेशान होकर परिवहन कार्यालय के कर्मचारियों पर ही गुस्सा उतारने लगते हैं। जिन लोगों ने कामकाज के लिए एजेंट का सहारा लिया है वे आवेदक भी एजेंटों को खूब खरीखोटी सुना रहे हैं। आवेदकों को केवल आश्वास दिया जा रहा है कि जल्द ही वेबसाइट शुरू हो जाएगी और जल्द काम पूरा होगा।
परिवहन कार्यालय में बढ़ रही पेंडेंसीवेबसाइट बंद होने से परिवहन कार्यालय में आनलाइन संबंधित पेंडेंसी बढ़ते जा रही है। जानकारी के मुताबिक पिछले दस दिनों में जिला परिवहन कार्यालय में बहुत से काम पूरे नहीं हो पाए हैं। पेंडेंसी बढ़ने से कर्मचारियों के सामने और समस्या खड़ी हो रही है और कुछ दिनों तक यही हाल रहा तो और परेशानियां बढ़ेगी। पेंडेंसी बढ़ने के बाद वेबसाइट शुरू भी होती है तो कुछ दिनों तक पेडिंग कामों को ही पूरा करने के लिए समय लगेगा।





