Betul News: कैमरों की निगरानी में रहेंगे सीमा पर बनाए जिले के 16 नाके
Betul News: 16 checkpoints in the district will be under the surveillance of cameras.

निर्वाचन के लिए जिला प्रशासन ने कमर कसी, अधिकारियों की टीम की तैनाती
Betul News: लोकसभा चुनावों को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के अंतराज्यीय और अंर्तरजिला स्तर पर लगभग एक दर्जन से अधिक नाके बनाए गए हैं। खास बात यह है कि इन नाकों को कैमरों की निगरानी में रखा गया है। जिसका कंट्रोल रूम खनिज विभाग के कार्यालय में बनाया गया है। यहां से प्रत्येक नाकों पर होने वाली गतिविधियों पर जिला मुख्यालय पर बैठे -बैठे पल-पल नजर रखी जा सके। नाकों को पूरी तरह व्यवस्थित और वेबकास्ट किए जाने की जिम्मेदारी जिला खनिज मनीष पालेवार को दी है।
श्री पालेवार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले की सीमाओं पर 10 अंतराज्यीय नाके बनाए गए हैं। यह वह नाके है, जो महाराष्ट्र के अमरावती जिले से जुड़े हुए हैं। इन नाकों पर निगरानी और पारदर्शिता के लिए कैमरों की व्यवस्था की गई है। यह कैमरे जिला मुख्यालय पर बनाए कंट्रोल रूम से जुड़े हुए हैं। टीवी की एक बड़ी स्क्रीन पर सभी नाकों पर चलने वाली गतिविधियों पर सीधी नजर रखी जा सकेगी ।
यह अंतराज्यीय नाके जिले के 4 थाना क्षेत्रों में बनाए गए हैं। इनमें भंैसदेही थाना क्षेत्र के जनोना बेरियर, कुकरू , लहास और बड़गांव नाके शामिल हैं। इसी तरह मोहदा थाना क्षेत्र में झाकस और मोहदा, आठनेर थाने में हीरादेही तथा मुलताई थाना क्षेत्र के सालबर्डी, दाबका और गौनापुर में नाके बनाए है। इन नाकों पर पड़ोसी राज्य से आने जाने वालों पर नजर रखी जा सकेगी।
5 जिलों से जुड़ी जिले की हद
खनिज अधिकारी मनीष पालेवार के मुताबिक बैतूल जिले की सीमा से 5 जिलों की सीमाएं जुड़ी हुई हैं। इन जिलों की सीमाओं पर 6 अंर्तजिला नाके बनाए हैं। सारणी थाना क्षेत्र के खैरवानी में एक नाका बनाया है, यह नाका छिंदवाड़ा और बैतूल जिले की सीमा पर स्थित है। इसी तरह मोहदा थाने के देसली, चिचोली थाने के गवासेन शाहपुर के धार बेरियर सहित मुलताई थाने के घाट पिपरिया और खम्बारा में भी नाके बनाए गए हैं।
यह सभी नाके छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, खंडवा, हरदा और नर्मदापुरम जिले से जुड़े हुए हैं। इन नाकों पर चलने वाली प्रत्येक गतिविधि की निगरानी खनिज कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल के माध्यम से की जाएगी।





