J. H. College Betul : निरीक्षण टीम की आपत्ति का निराकरण नहीं कर पाया जेएच कालेज
J. H. College Betul: J. H. College could not resolve the objection of the inspection team.

लॉ के विद्यार्थी भटकने पर मजबूर, नई बिल्डिंग तैयार होने तक करना होगा इंतजार
J. H. College Betul : बैतूल। जिले के सबसे बड़े जेएच कॉलेज में लॉ फेकल्टी न होने का खामियाजा उन विद्यार्थियों को उठाना पड़ रहा है जो कानून का ज्ञान प्राप्त कर अपना करियर बनाना चाहते हैं। जानकारी मिली है कि लॉ की क्लासेस शुरू करने की कवायद जरूर शुरू की गई थी। उच्च शिक्षा विभाग की टीम ने कालेज का निरीक्षण भी किया था। निरीक्षण टीम द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों का निराकरण न होने से कालेज में लॉ की क्लासें ही शुरू नहीं कि जा सकी। बताया जा रहा है कि कक्षाएं शुरू नहीं होने के पीछे फेकल्टी का न होना सबसे बड़ा कारण है। हालांकि जिले में लॉ कॉलेज स्वीकृत है और सोनाघाटी के पास भवन निर्माण का काम भी चल रहा है। ऐसी स्थिति में लॉ के विद्यार्थियों को सरकारी कालेज की सुविधा आखिर कब तक मिल पाएगी, इसकी कोई ग्यारंटी नहीं है।
फेकल्टी के अलावा भवन की भी समस्या
कुछ वर्षों पूर्व बहुत तेजी से हवा उड़ी थी कि जेएच कालेज में जल्द ही लॉ क्लासेस शुरू होंगी और जिले के विद्यार्थियों को शहर में ही सरकारी सुविधा मिली पाएगी, लेकिन लॉ के विद्यार्थियों का सपना धरा की धरा रह गया। सूत्र बताते हैं कि लॉ की कक्षाएं शुरू करने के सिलसिले में उच्च शिक्षा विभाग भोपाल की टीम ने जेएच का निरीक्षण भी किया था। निरीक्षण के बाद टीम ने फेकल्टी और भवन को लेकर कुछ आपत्तियां दर्ज कराई थी, लेकिन प्रबन्धन इन आपत्तियों का निराकरण नहीं कर पाया है। लिहाजा लॉ की कक्षाएं शुरू किए जाने का मामला एक बार ठंडे बस्ते में चला गया है। हालांकि जानकारी के अभाव में कानून की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थी कालेज पहुंच जरूर रहे हैं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है। इधर प्रबन्धन की भी मजबूरी है कि फेकल्टी और जगह की कमी के चलते विद्यार्थियों को बैरंग लौटाना पड़ रहा है।
9 करोड़ की लागत से बन रहा भवन
मौजूदा हालातों में भले ही कानून की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दूसरे शहरों पर निर्भर होना पड़ रहा हो, लेकिन जल्द ही विद्यार्थियों को पूरी सुविधाओं के साथ लॉ कॉलेज की सौगात भी मिल सकेगी। सोनाघाटी कोसमी के बीच कालेज भवन का निर्माण किया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सितंबर 2023 में ही इसकी प्रशासकीय स्वीकृति दे दी थी। लॉ कॉलेज का भवन लगभग 9 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से बनाया जा रहा है, लेकिन जिले के विद्यार्थियों को इसके लिए अभी लंबा इंतजार करना पड़ेगा। भवन बनने के बाद यहां पर फैकल्टी की व्यवस्था होगी। इसके बाद ही कालेज का संचालन सुचारू हो पाएगा।
इनका कहना..
जेएच में फेकल्टी की समस्या की वजह से लॉ के प्रवेश नहीं लिए गए हैं। हालांकि विधि महा विद्यालय भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। भविष्य में विद्यार्थियों को कालेज की सुविधा मिल जाएगी।
डॉ.मीनाक्षी चौबे, प्राचार्य जेएच कॉलेज, बैतूल




