Betul Samachar: नेहरू पार्क विकास के लिए आम लोगों के सुझाव रद्दी की टोकरी में
Betul Samachar: Suggestions of common people for Nehru Park development in the waste basket

एई खुद बोले- कई बार बनाए प्रस्ताव, आज तक नहीं हुआ अमल
Betul Samachar: बैतूल। नेहरू पार्क के विकास के लिए नगरपालिका ने आम जनता के सुझाव मांगे थे, जनता ने नगरपालिका में अपने सुझाव तो दे दिए, लेकिन यह सुझाव नगरपालिका ने रद्दी की टोकरी में डाल दिया। आज तक इन सुझावों पर अमल नहीं हो सका। नेहरू पार्क आज भी खस्ताहाल स्थिति में है। नगरपालिका के इंजीनियरों ने भी पार्क के डेवलपमेंट को लेकर प्रपोजल बनाकर दिए, लेकिन यह प्रपोजल फाइलों में दबकर रह गए हैं। कुल मिलाकर नगरपालिका पार्क के डेवलपमेंट को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। पार्क को लेकर गंभीरता से ध्यान दिया होता तो आज पार्क की स्थिति सबसे अच्छी होती।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक नगरपालिका बैतूल ने शहर के बीचों-बीच बने नेहरू पार्क के डेवलपमेंट को लेकर आम जनता के सुझाव मांगे गए थे, इसके लिए बकायदा नगरपालिका ने नेहरू पार्क के पास फ्लेक्स भी लगाया था। कई लोगों ने पार्क के डेवलपमेंट के लिए अपने सुझावों को नगरपालिका को दिए गए। नगरपालिका ने आम जनता के सुझावों को अपने पास रख तो लिया, लेकिन इस पर अमल नहीं हुआ है। लोगों द्वारा दिए गए सुझाव पर अमल नहीं होने से ऐसा लग रहा है कि यह सारे सुझाव नपा ने रद्दी की टोकरी में डाल दिए हैं।
यह दिए थे लोगों ने अपने सुझाव
जानकारी के मुताबिक नेहरू पार्क के डेवलपमेंट के लिए समाजसेवियों और आम लोगों ने सुझाव दिए थे कि पार्क का कायाकल्प किया जाए। बच्चों के झूलने के झूले टूट गए हैं इनकी मरम्मत हो, ओपन जिम लगाई जाए ताकि यहां आने वाले लोगों को लाभ मिल सके। नेहरू पार्क में चलने वाली ट्रेन कई दिनों से बंद पड़ी हैं ट्रेन को सुधारकर पटरी की मरम्मत कर इसे दोबारा शुरू किया जाए। पार्क में लगे स्टेच्यू खस्ताहाल हो चुके हैं इनकी मरम्मत की जाए। पार्क के हरियाली गायब हो गई। हरियाली होने से पार्क और सुंदर दिखेगा। पार्क के लगे फव्वारे खराब हो गए हैं इन्हें दोबारा शुरू किया जाए। सहित कई प्रकार के सुझाव दिए गए , लेकिन वर्षों बाद भी इस पर अमल नहीं हुआ। डेवलपमेंट होने के बजाए नेहरू पार्क के स्थिति ओर बिगड़ रही है।
इंजीनियरों के प्रपोजल पर अमल नहीं
बताया जा रहा है कि नेहरू पार्क के डेवलपमेंट के लिए नपा के इंजीनियरों ने कई बार प्रपोजल बनाकर दिए लेकिन इस पर अमल नहीं हो सका। सारे प्रपोजल फाइलों में दबकर रह गए। नगरपालिका अध्यक्ष से लेकर जनप्रतिनिधियों ने इस प्रपोजल पर ध्यान ही नहीं दिया। बनाए गए प्रपोजल को हमेशा ठंडे बस्ते में डालते रहे। हालत यह है कि अब नगरपालिका के इंजीनियर भी प्रपोजल बनाकर-बनाकर परेशान हो गए हैं। नगरपालिका में जब भी नए सीएमओ की आमद हुई लोगों को नेहरू पार्क के डेवलपमेंट की आस लगी रही, लेकिन कोई कार्य नहीं हो सका।
इनका कहना….
नेहरू पार्क के डेवलपमेंट के लिए कई बार प्रपोजल बनाकर दिए हैं, लेकिन इन पर अभी तक कोई अमल नहीं हो सका है।
नीरज धुर्वे, एई नगरपालिका बैतूल।




