आठनेर टीआई विधायक की शिकायत पर लाइन अटैच, मुलताई टीआई को गंज की कमान
मुलताई विधायक को भरोसे में लिए बिना गंज टीआई को भेजने से भी नाराजगी

बैतूल। बैतूल पुलिस के कुछ टीआई के विवादों में रहने के बाद आम लोगों के बीच पुलिस की छवि काफी खराब हुई है। बीते एक माह में जिस तरह थानेदारों की शिकायत जनप्रतिनिधियों के पास पहुंची। इसके बाद एसपी ने कल शाम तीन थानेदारों की पदस्थापना में बदलाव कर दिया। हालांकि गंज थाने से मुलताई भेजे गए टीआई रविकांत डेहरिया की पदस्थापना पर मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख को भरोसे में न लेने से उनकी नाराजगी सामने आ रही है। हालांकि बैतूल विधायक से जरूर अधिकारियों ने चर्चा की है, लेकिन अच्छे थानेदार नहीं होने के कारण फिलहाल थानेदारों की पदस्थापना अस्थाई रूप से करने की बात सामने आ रही है।
पुलिस की कुछ विवादित कार्यप्रणाली से आम जनता में छवि धूमिल हुई है। इसकी बानगी पिछले कुछ दिनों से देखी जा रही है। इसकी शुरुआत मुलताई थाने से हुई थी। यहां एसडीओपी एसपी सिंह की 2 जुलाई को बिदाई पार्टी के दौरान पुलिस ने बैंडबाजे से थाने से घर तक छोड़ा था। इस दौरान मुलताई टीआई राजेश सातनकर समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने वर्दी पर खूब डांस किया। इसके वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने इसकी जांच एएसपी कमला जोशी को सौंपी गई थी। पिछले एक पखवाड़े से यह जांच ठंडे बस्ते में थी, लेकिन सूत्रों ने बताया कि यह जांच रिपोर्ट एएसपी ने एसपी को सौंप दी है। हालांकि इस जांच रिपोर्ट में टीआई दोषी पाया गया है या नहीं इसका खुलासा नहीं हो पाया है। इस बीच मंगलवार को शाम एसपी ने तीन टीआई की पदस्थापना में फेरबदल कर दिया। इसे जांच रिपोर्ट से जोड़कर देखा जा रहा है।
मुलताई विधायक भी लंबे समय से नाराज
सूत्रों के अनुसार मुलताई में टीआई राजेश सातनकर से क्षेत्रीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख खासे नाराज चल रहे हैं। एसडीओपी की फेयरवेल पार्टी में डांस के मामले में अधिकारियों से भी उन्होंने टीआई की शिकायत की थी, लेकिन जांच के कारण मामला उलझा हुआ है। सूत्र बताते हैं कि टीआई को हटाने के लिए विधायक ने अधिकारियों से कहा था। इस बीच संभावना थी कि टीआई को सर्विस रूल्स का उल्लंघन करने पर उन्हें लाइन अटैच किया जाएगा, लेकिन उन्हें गंज जैसे प्रमुख थाने की कमान सौंप दी है। चौकाने वाली बात यह है कि गंज टीआई की शिकायत के बाद उन्हें मुलताई जैसे प्रमुख थाने की कमान सौंप दी। विधायक देशमुख को भी अधिकारियों ने इस बारे में भरोसे में नहीं लिया। इसके बाद विधायक की नाराजगी और बढ़ गई है।
रडार पर थे आठनेर टीआई, गंज टीआई की भी शिकायत
जानकार सूत्रों ने बताया कि आठनेर टीआई सरविंद धुर्वे लंबे समय से जनप्रतिनिधियों की रडार पर थे। बताया जाता है कि क्षेत्रीय भाजपा नेताओं ने विधायक समेत पुलिस अधिकारियों को धुर्वे की शिकायत की थी। दबी जुबान से चर्चा है कि टीआई द्वारा कई मामलों को गंभीरता से नहीं सुलझाया जा रहा है। खासकर महिलाओं की शिकायताओं को नजरअंदाज करने की शिकायत मिली थी। इसके बाद उनकी रवानगी तय थी। कहा जा रहा है कि क्षेत्रीय विधायक हेमंत खंडेलवाल भी उनकी कार्यप्रणाली से नाराज थे। इधर गंज क्षेत्र में भी चोरी समेत अन्य मामले सामने आ रहे थे और व्यापारियों ने पिछले दिनों विधायक हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की थी। तभी स्पष्ट हो गया था कि टीआई को हटाया जा सकता है।
अधिकारी प्रेम या टीआई की कमी की चर्चा जोरो पर
इधर थानेदारों के तबादलों पर जमकर चर्चा हो रही है। पहला तो यह है कि मुलताई विधायक विष्णु प्रसाद मौर्य को मुलताई लाना चाह रहे थे, लेकिन उनकी अनुशंसा को दूर करते हुए गंज टीआई को मुलताई भेज दिया गया। दूसरा यह कि मुलताई टीआई राजेश सातनकर को जांच रिपोर्ट के आधार पर लाइन भेजने की चर्चा थी, लेकिन उन्हें गंज जैसे प्रमुख थाने की कमान सौंप दी गई। सूत्र बताते हैं कि इसे अधिकारियों का प्रेम कहे या थानेदारों की कमी, जो इस तरह का बदलाव हुआ है। केवल आठनेर टीआई को लाइन अटैच करने को सही माना जा रहा है, लेकिन मुलताई और गंज थाने के टीआई को प्रमुख थाने की कमान सौंपने पर जमकर चर्चा हो रही है।
इनका कहना….
मुलताई में टीआई की पदस्थापना को लेकर मुझसे किसी ने नहीं पूछा है।
चंद्रशेखर देशमुख, विधायक मुलताई
मुलताई मामले की जांच रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारी को सौंप दी गई है। जो तबादले हुए है वे प्रशासकीय प्रक्रिया के तहत हुए हैं।
कमला जोशी, एएसपी बैतूल




