Betul News: बैतूल नहीं, हरदा में 24 को होगी पीएम मोदी की सभा!
Betul News: PM Modi's meeting will be held on 24th in Harda, not Betul!

भाजपा तैयारियों में जुटी, जिले से भी हजारों कार्यकर्ता पहुंचेंगे हरदा
Betul News: बैतूल। भाजपा के लिए बैतूल-हरदा-हरसूद सीट भले ही सुरक्षित बताई जा रही है, लेकिन पार्टी से हल्के में नहीं ले रही है। जीत के पिछले रिकार्ड को पार करने के लिए पार्टी ऐड़ी चोटी का जोर लगाने में लगी है। यही वजह है कि बसपा प्रत्याशी के निधन के बाद मिले दस दिन अतिरिक्त को पार्टी भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। ऐसे में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एमपी में दौरा कार्यक्रम बन रहा है तो यहां से भी संसदीय क्षेत्र में एक सभा कराने की डिमांड भेजी गई थी।
संगठन से 24 अप्रैल की सभा के लिए हिंट दे दिया गया है। हालांकि अभी मोदी की सभा को ग्रीन सिंग्नल नहीं मिला है, लेकिन यह तय है कि इस दिन पीएम मोदी की सभा संसदीय क्षेत्र में होगी। यह भी जानकारी सामने आई है कि पहले बैतूल जिले की भैंसदेही या घोड़ाडोंगरी विधानसभा में पीएम मोदी की सभा तय थी, लेकिन हरदा और टिमरनी में कांग्रेस विधायक होने के कारण सभा यहां कराए जाने पर सहमति बनी है।
सूत्र बताते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे और तीसरे चरण की सीटों पर ताबड़तोड़ प्रचार कर रहे हैं। खबर है कि वे 24 अप्रैल को प्रदेश के दौरे पर पहुंचने वाले हैं। उनका सागर संसदीय क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी लता वानखेड़े के पक्ष में सभा को संबोधित करेंगे। भोपाल में उनका शाम 4 बजे रोड शो का कार्यक्रम है। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि एक दिन में केवल दो कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को शामिल कराने की बजाए संगठन एक और संसदीय क्षेत्र में उनकी सभा कराने की रणनीति बना चुका है।
इसके लिए जिला संगठन से मिले फीडबैक को देखकर बैतूल, राजगढ़, विदिशा या होशंगाबाद में से किसी एक जगह पर पीएम मोदी की सभा प्रस्तावित की है। चूंकि होशंगाबाद के पिपरिया में सभा हो चुकी है, इसलिए यहां मोदी की दूसरी सभा संभव नहीं है। विदिशा के बारे में कहा जा रहा है कि यहां पूर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहले से ही मजबूत है, इसलिए विदिशा के नाम पर भी सहमति नहीं बनी।
राजगढ़ में चूंकि सांसद रोडमल नागर का पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से कांटे का मुकाबला है, इसलिए यहां या फिर बैतूल में सभा कराने पर संगठन फैसला लेने वाला है, लेकिन खबर है कि राजगढ़ में भाजपा के दूसरे किसी शीर्ष नेता की सभा कराई जा सकती है। बैतूल संसदीय क्षेत्र में पीएम की सभा पर सहमति बन गई है।
पहले घोड़ाडोंगरी या भैंसदेही में प्रस्तावित थी सभा
जानकार सूत्र बताते हैं कि संसदीय क्षेत्र के दो विधानसभा भैंसदेही और घोड़ाडोंगरी दोनों ही एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है। भले ही दोनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है, लेकिन जीत का अंतर काफी कम होने से भाजपा संगठन भी दोनों विधानसभा पर ज्यादा फोकस कर रहा है।
इसी वजह पीएम मोदी की सभा घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में कराना तय हुआ था। कहा जा रहा है कि भैंसदेही में भी सभा कराने पर सहमति बनी थी, लेकिन जगह के पेंच के कारण संभव नहीं हो पाया। हालांकि दोनों विधानसभा सीट पर सात मई के पहले किसी बड़े स्टार प्रचारक को लाकर सभा कराने की तैयारी की जा रही है, ताकि मोदी की सभा रद्द होने पर कार्यकर्ताओं में निगेटिव मैसेज न जाए।
हरदा या टिमरनी ही क्यों?
जानकार सूत्रों ने बताया कि बैतूल की सभा हरदा या टिमरनी में शिफ्ट होने के कई कारण सामने आए हैं। संसदीय क्षेत्र की 8 में से 6 पर भाजपा का कब्जा है। केवल हरदा और टिमरनी में कांग्रेस के विधायकों ने जीत हासिल की है, इसलिए भाजपा संगठन दोनों में से एक विधानसभा क्षेत्र में सभा करवाने पर सहमति दे चुका है। सूत्र बताते हैं कि बुधवार को पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल और लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश भाजपा संयोजक हेमंत खंडेलवाल के बीच चर्चा हुई है।
दोनों नेताओं में बदली हुई परिस्थितियों को देखते हुए बैतूल की बजाए हरदा में सभा कराने को लेकर सहमति बनी है। इस सहमति के बाद दोनों जिले के भाजपा संगठन मोदी की सभा को हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि दोनों जिले के संगठन ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। पीएम मोदी की सभा के लिए जिले की पांचों विधानसभा से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को ले जाने की तैयारियां की जा रही है।





