Betul Samachar : सीएम का दावा- प्रदेश में भाजपा पूरी 29 लोकसभा सीट जीतेंगी
Betul Samachar: CM's claim- BJP will win all 29 Lok Sabha seats in the state.

बैतूल में सभा को किया संबोधित, कहा- जीत का पिछला रिकार्ड तोड़ेंगे डीडी
Betul Samachar : बैतूल। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बैतूल में बड़ा दावा किया है कि मप्र में भाजपा सभी 29 में से 29 सीटें जीत रही है। मप्र में पार्टी सबसे अच्छी स्थिति में है। उन्होंने कहा कि पूरा देश मोदीमय हो चुका है। बैतूल में भाजपा पिछली बार का रिकार्ड तोड़कर जीत दर्ज करेगी। सीएम ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि उसके कई नेता जेल में तो कई बेल पर। पार्टी के लोग अपनी गलती पर पर्दा डालने के लिए ईवीएम को दोष दे रहे हैं। यह बात उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डीडी उइके के नामांकन दाखिल करने और लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित आमसभा के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त चर्चा में कही।
मुख्यमंत्री का आगमन तय समय से दो घंटे देरी से हुआ। मुख्यमंत्री को 10.45 बजे हेलीपेड पर उतरना था, लेकिन वे दोपहर 12 बजे पहुंचे। हेलीपेड से वे सीधे विधायक हेमंत खण्डेलवाल के निवास पर पहुंचे, जहां कुछ देर रुककर वे निर्वाचन कार्यालय के लिए रवाना हुए। विधायक निवास पर उनका भाजपा प्रत्याशी डीडी उइके और श्री खंडेलवाल के अलावा चुनिंदा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। करीब दस मिनट यहां पर रूककर सीएम सीधे कलेक्ट्रेट रवाना हो गए। यहां पर उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी उइके का नामांकन दाखिल करवाया। इस दौरान पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, बैतूल विधायक हेमन्त खंडेलवाल मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला सभा के लिए लालबहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचा।
राम विरोधी कांग्रेस को जनता सिखाएगी सबक
आम सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा की कांग्रेस ने राम मंदिर ना बन पाए इसके लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया। हमेशा वकील लाकर मंदिर निर्माण में अड़ंगे लगाते रहे, लेकिन परमात्मा की कृपा से मोदीजी को मौका मिला और यह हमारा सौभाग्य है कि आज प्रभु श्रीराम की जन्म स्थली अयोध्या में भव्य राम मंदिर स्थापित हो गया। तुष्टिकरण की राजनीति को उन्होंने कांग्रेस की साजिश बताते हुए कहा कि कांग्रेस यह भ्रम फैला रही थी कि मंदिर को लेकर समाज मे वैमनस्यता फैलेगी, लेकिन जिस दिन रामलला की अयोध्या में स्थापना हुई हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित सभी समाजों ने इसे स्वीकार किया और कहीं भी कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली।
यह हमारे मजबूत लोकतंत्र का ही परिणाम है कि देश सहित आज विदेशों में भी रामलला के मन्दिर निर्मित हो रहे हैं और उन्हें पूजा जा रहा है। हमें गर्व है कि हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के सिपाही हैं। समय आ गया है कि दुनिया के सबसे मजबूत लोकतंत्र को सबसे मजबूत हाथ मे हमे देना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते उन्होंने कहा कि सबसे मजबूत हाथ उनके हैं, जिनकी 56 इंच की सीना है।

कांग्रेस भी अलाप रही 400 पार का राग
कांग्रेस पर तगड़ा प्रहार करते उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर तंज कसते कहा कि आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी अबकी बार 400 पार का राग अलाप रहे हैं। संसद में कहा जा रहा है कि अबकी बार भी मोदी सरकार अब की बार 400 पार। उन्होंने बैतूल की जनता को संबोधित करते जनता को भाजपा के बहादुर लड़ाके निरूपित करते हुए अपील की है कि अबकी बार भाजपा प्रत्याशी डीडी उइके को पिछली बार से अधिक मतों से जिताकर संसद में भेजना है ताकि हमारे देश की दिशा और दशा दोनो बदली जा सके।
सीएम के साथ हेलीकाप्टर से आए हेमंत
भाजपा की राजनीति में बैतूल विधायक का कद लगातार बढ़ रहा है। इसकी बानगी कई बार देखने को मिल चुकी है। बुधवार को प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में आयोजित हुई भाजपा की क्लस्टर बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में शामिल हुए। पूरे दिन चली इस बैठक में शामिल होने के बाद सड़क मार्ग से हेमंत भोपाल आए। सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री ने उन्हें सुबह अपने हेलीकाप्टर से बैतूल साथ लाया। जब पुलिस ग्राउंड में बने हेलीपेड पर सीएम के साथ हेमंत को सभी ने हेलीकाप्टर से उतरते देखा तो हका-बक्का रह गए। इसी दौरान वे उनके आवास पर भी गए।
पागल कुत्ते का आतंक, एक दर्जन ग्रामीणों को काटा
बैतूल। जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेड़लीबाजार बांगा, कुजबा में पागल कुत्ते का आतंक देखने को मिल रहा है। कुत्ते ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। लोग जब भी घर से निकल रहे फूंकफूंक कर कदम डाल रहे है। लोगों को यही डर सता रहा है कि कहीं कुत्ता उन्हें शिकार न बना ले। कुत्ते के काटने पर कुछ लोगों को जिला अस्पताल भर्ती किया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बोरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़लीबाजार, बांगा, कुजबा में एक कुत्ता पागल हो गया है। यह ग्रामीणों पर अटैक करने लग गया है।
पागल कुत्ते ने लगभग एक दर्जन ग्रामीणों को काट दिया है। कुत्ते के काटने पर लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। ग्रामीणों ने पंचायत से कुत्ते को जल्द पकड़ने की मांग की। पंचायत की तरफ से कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कुत्ता काबू में नहीं आ पा रहा है। पागल कुत्ते को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना है। ग्रामीणों का कहना है कि पागल कुत्ता लोगों को देखकर ही सीधा अटैक कर देता है। इससे बचने के लिए कई लोग साथ में लाठी लेकर चलने को मजबूर हो गए है। खासकर रात के समय कुत्ते को लेकर अधिक दहशत बनी है।





