Betul ki Khabar: Video : विधायक की नाराजगी के बाद जागी नपा, बंद अतिक्रमण अभियान आनन-फानन में शुरू

सांझवीर की खबर का तीखा असर, बैठक में भी अतिक्रमण हटाने पर बनी सहमति
Betul ki Khabar: बैतूल। आठ माह से निर्देश, कुछ दिन कार्रवाई और फिर लंबी खामोशी… नगरपालिका का अतिक्रमण अभियान इसी ढर्रे पर चल रहा था। बुधवार को सांझवीर टाईम्स में अभियान ठप होने, अतिक्रमण दोबारा जमने और जेसीबी का बहाना बनाकर कार्रवाई टालने को लेकर प्रकाशित खबर के बाद आखिर नगरपालिका हरकत में आ गई। विधायक हेमंत खंडेलवाल की नाराजगी के बाद बंद पड़ी मुहिम को आनन-फानन में दोबारा शुरू किया गया।
अंबेडकर चौक पर अतिक्रमण हटाए गए, गुमठियां जब्त की गईं और गुरुवार को गांधी वार्ड में भी सड़क तक पसरे कब्जों पर कार्रवाई की गई। यानी जिस अभियान को आठ माह पुराने निर्देशों के बाद भी नियमित नहीं चलाया जा सका, उसे खबर प्रकाशित होने के बाद फिर गति मिल गई। अब सवाल कार्रवाई शुरू होने का नहीं, बल्कि इसकी निरंतरता का है।
खबर देखते ही विधायक ने दिए सख्त निर्देश
बुधवार को विधायक हेमंत खंडेलवाल निजी कारणों से भोपाल से बैतूल पहुंचे थे। इसी दौरान सांझवीर टाईम्स के पोर्टल पर अतिक्रमण अभियान की बदहाल स्थिति को लेकर प्रकाशित खबर उनके सामने आई। शहर में दोबारा बढ़ते अतिक्रमण और पूर्व में दिए निर्देशों की अनदेखी को लेकर उन्होंने नगरपालिका अधिकारियों को सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शाम पांच बजे शहर के विकास, पार्किंग और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापारियों एवं अधिकारियों की बैठक में भी उन्होंने अतिक्रमण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। प्रमुख मार्गों और बाजारों में अतिक्रमण व्यवस्थित करने, जाम की स्थिति रोकने तथा फुटपाथों को पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
अंबेडकर चौक से फिर शुरू हुई कार्रवाई
विधायक के निर्देश मिलते ही नगरपालिका ने बुधवार को अंबेडकर चौक से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। करीब दो माह से बंद पड़ी मुहिम के दौरान आधा दर्जन अतिक्रमण हटाए गए, वहीं कुछ गुमठियां भी जब्त की गईं।
कार्रवाई के बाद ऐसा लगा कि नगरपालिका को आखिरकार अपने पुराने निर्देश याद आ गए हैं। गुरुवार को गांधी वार्ड में भी सड़क तक फैल चुके अतिक्रमण को हटाने के लिए अमला पहुंचा। लगातार दो दिन कार्रवाई होने से अभियान के फिर सक्रिय होने के संकेत जरूर मिले हैं।
बैठक में भी अतिक्रमण पर सख्ती, फुटपाथ खाली कराने के निर्देश
शहर के विकास, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक में विधायक ने प्रमुख मार्गों और बाजारों में अतिक्रमण के कारण बन रही अव्यवस्था पर नाराजगी जताई। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर कब्जे के कारण यातायात बाधित नहीं होना चाहिए।
फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण हटाकर पैदल चलने वालों के लिए जगह सुनिश्चित की जाए। शहर में बढ़ते यातायात दबाव के बीच सड़क और फुटपाथों पर कब्जे व्यवस्था को बिगाड़ रहे हैं। ऐसे में केवल एक-दो दिन कार्रवाई कर औपचारिकता पूरी करने के बजाय नियमित अभियान चलाने की जरूरत पर जोर दिया गया।
सीएमओ का दावा- नियमित चलेगा अभियान
नगरपालिका सीएमओ नवनीत पांडे ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अब अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा। उनके इस बयान के बाद शहरवासियों की नजर नगरपालिका की आगामी कार्रवाई पर रहेगी। क्योंकि शहर में अतिक्रमण हटाने की मुहिम पहले भी शुरू हुई, कुछ दिन चली और फिर ठंडे बस्ते में चली गई।
इस बार कार्रवाई खबर और विधायक की नाराजगी के बाद शुरू हुई है। ऐसे में नगरपालिका को यह साबित करना होगा कि अभियान केवल दबाव में शुरू होने वाली कार्रवाई नहीं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




