Betul News: मेडिकल कॉलेज ने हाउसिंग बोर्ड के ठंडे पड़े प्रोजेक्ट में फूंकी जान, मकानों की बढ़ी डिमांड

कोसमी-टेमनी की सीमा पर बने 67 मकानों में से 57 की बुकिंग, मेडिकल कॉलेज की सौगात से क्षेत्र में जमीनों के भाव भी चार से पांच गुना तक उछले

Betul News: बैतूल। विकास की एक बड़ी परियोजना किस तरह आसपास के क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदल सकती है, इसकी बानगी कोसमी में देखने को मिल रही है। यहां निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का सबसे अप्रत्याशित फायदा मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल (हाउसिंग बोर्ड) को मिला है। वर्ष 2017 में शहर से दूर कोसमी और टेमनी की सीमा पर बनाए गए मकानों को खरीदने में लोगों ने खास दिलचस्पी नहीं दिखाई थी, लेकिन मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखे जाने के बाद इन मकानों की मांग अचानक बढ़ गई। आलम यह है कि कुल 67 मकानों में से 57 की बुकिंग हो चुकी है।

आठ साल तक सुस्त रही मांग, मेडिकल कॉलेज बनते ही बदले हालात

दरअसल, आम लोगों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हाउसिंग बोर्ड ने वर्ष 2017 में इस आवासीय परियोजना की शुरुआत की थी। इसके तहत ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के मकानों का निर्माण कराया गया। ईडब्ल्यूएस मकान की कीमत 7 लाख 70 हजार और एलआईजी मकान की कीमत 12 लाख 90 हजार रुपये निर्धारित की गई थी। हालांकि शहर से बाहर होने के कारण शुरुआती दौर में इन मकानों को अपेक्षित खरीदार नहीं मिले। मेडिकल कॉलेज की स्थापना की घोषणा के बाद क्षेत्र में विकास की संभावनाएं बढ़ीं और मकानों की बुकिंग में तेजी आ गई।

 27 ईडब्ल्यूएस में से 23 और 40 एलआईजी में 34 बुक

हाउसिंग बोर्ड के बैतूल कार्यालय में पदस्थ सहायक यंत्री दल सिंह जामरा के मुताबिक, परियोजना में कुल 67 मकान बनाए गए हैं। इनमें 27 ईडब्ल्यूएस श्रेणी और 40 एलआईजी श्रेणी के मकान शामिल हैं। अब तक ईडब्ल्यूएस के 23 और एलआईजी के 34 मकानों की बुकिंग हो चुकी है। इस तरह कुल 57 मकानों के खरीदार मिल चुके हैं। शेष मकानों के भी जल्द बुक होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 जमीनों के भाव चार से पांच गुना तक बढ़े

मेडिकल कॉलेज की स्थापना का असर केवल हाउसिंग बोर्ड की आवासीय परियोजना तक सीमित नहीं है। कोसमी और आसपास के गांवों में जमीनों की मांग भी तेजी से बढ़ी है। स्थानीय स्तर पर सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, जिन जमीनों के भाव पहले काफी कम थे, उनमें अब चार से पांच गुना तक वृद्धि बताई जा रही है। इससे किसानों और स्थानीय भू-स्वामियों को आर्थिक लाभ की उम्मीद जगी है।

भविष्य में नए प्रोजेक्ट की भी खुल सकती है राह

मेडिकल कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र में आवास, व्यापार और अन्य सुविधाओं की मांग बढ़ने की संभावना है। ऐसे में हाउसिंग बोर्ड भी भविष्य में यहां नई आवासीय परियोजनाओं की संभावनाएं तलाश सकता है। कुल मिलाकर मेडिकल कॉलेज कोसमी क्षेत्र के लिए विकास की नई उम्मीद बनने के साथ ही हाउसिंग बोर्ड के वर्षों पुराने प्रोजेक्ट के लिए भी संजीवनी साबित होता नजर आ रहा है।

इनका कहना….

प्रोजेक्ट के अंतर्गत दो कैटेगिरी में कुल 67 मकान बनाए थे । इनमें से अधिकांश मकानों की बुकिंग हो चुकी है। भविष्य की सम्भवनाओ पर विचार होने की भी संभावना है।

दल सिंह जामरा, सहायक यंत्री, मध्य प्रदेश ग्रह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल बैतूल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button