Prashasnik Kona: प्रशासनिक कोना: साहब के दरबार मे कैसे हो रही घुसपैठ की तैयारी?? टीकमगढ़ की सीख का बैतूल में क्या दिख रहा असर??? आखिर साहब बदले, टूल्स वही का क्या मामला है???? विस्तार से पढ़िए हमारे चर्चित कॉलम प्रशासनिक कोना में…..

 साहब के दरबार में घुसपैठ की निगरानी

वर्दी वाले विभाग में नए साहब की आमद के बाद से ही राजनीतिक हलकों में हलचल कुछ ज्यादा है। साहब के दरबार में कौन-कौन हाजिरी लगा रहा है, किसकी कितनी नजदीकी बन रही है और कौन अपनी पुरानी पहचान के सहारे नई जमीन तलाश रहा है, इसकी बारीकी से निगरानी की जा रही है।

राजनीतिक गलियारों में हर मुलाकात के मायने निकाले जा रहे हैं और संपर्कों की सूची भी खंगाली जा रही है। हालांकि साहब ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। न किसी को खास तवज्जो दी है और न ही किसी के प्रभाव में आने के संकेत दिए हैं। ऐसे में फिलहाल यह समझ पाना मुश्किल है कि साहब की पसंद-नापसंद क्या है और उनका काम करने का अंदाज किस दिशा में जाएगा।

लेकिन इतना तय है कि नए साहब की चुप्पी ने पुराने खिलाड़ियों की बेचैनी जरूर बढ़ा दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आखिर साहब की पहली चाल किसके पक्ष में और किसके खिलाफ पड़ती है।

टीकमगढ़ की सीख, बैतूल में दिख रही जुगलबंदी

प्रशासनिक अमले में इन दिनों दो प्रमुख साहबों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर खूब चर्चा है। जब इस जुगलबंदी के पीछे की कहानी खंगाली गई तो पता चला कि बड़े साहब की शुरुआती प्रशासनिक पाठशाला टीकमगढ़ में लगी थी। प्रोबेशनरी अधिकारी रहते हुए वहां पहली पदस्थापना मिली और उस समय मुख्यालय में एसडीएम के रूप में मौजूद साहब से प्रशासनिक कामकाज के गुर सीखने का मौका मिला।

अब वही पुराने गुरु प्रमुख तहसील में राजस्व विभाग की कमान संभाल रहे हैं। कहते हैं कि पुराने रिश्ते और अनुभव का असर वर्तमान पदस्थापना में भी साफ दिखाई दे रहा है। बड़े साहब महत्वपूर्ण राजस्व मामलों में अपने पुराने साथी से सलाह-मशविरा करना नहीं भूलते। प्रशासनिक गलियारों में इसे अनुभव और विश्वास की जुगलबंदी माना जा रहा है। आखिर प्रशासन में पद भले बदल जाएं, लेकिन सीखने के दिनों में बने रिश्ते कई बार फाइलों की गति बढ़ाने में अहम भूमिका निभा जाते हैं। अब चर्चा यही है कि इस तालमेल का असर आने वाले दिनों में प्रशासनिक फैसलों पर कितना दिखाई देता है।

साहब बदले, टूल्स वहीं!

स्वास्थ्य से जुड़े एक कार्यालय में इन दिनों पुराने टूल्स फिर चर्चा में हैं। जिन टूल्स के इस्तेमाल को लेकर पूर्व अधिकारी विवादों में घिरे और आखिरकार बेइज्जती के साथ विदाई हुई, उन्हीं टूल्स को वर्तमान साहब भी अपनाने लगे हैं। चर्चा है कि इन टूल्स को बचाए रखने के लिए आयुक्त के आदेश तक ताक पर रख दिए गए हैं।

अब सवाल यह है कि साहब को पुराने टूल्स इतने पसंद क्यों आ रहे हैं? क्या पूर्व अधिकारी की विदाई से कोई सबक नहीं लिया गया, या फिर व्यवस्था में बदलाव की बजाय पुराने तौर-तरीकों को ही आगे बढ़ाने का मोह है? स्वास्थ्य से जुड़े कार्यालय में जनता की सुविधा और व्यवस्था सुधार प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन यदि विवादित टूल्स ही फिर सक्रिय होने लगें तो चर्चाएं होना स्वाभाविक है।

अब देखना है कि नए साहब बदलाव की नई इबारत लिखते हैं या पुराने टूल्स के सहारे उसी ढर्रे पर चलते हैं, जिस पर चलकर पूर्व अधिकारी को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी थी।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button