Betul ki Khabar: तीन दुकान संचालकों पर 45 हजार रुपए का जुर्माना

पनीर में फैट कम मिला, मिठाई की गुणवत्ता भी निकली खराब, त्योहारी सीजन में बढ़ेगी खाद्य विभाग की निगरानी
Betul ki Khabar: बैतूल। त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वाले दुकान संचालकों के खिलाफ विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। सितंबर माह में खाद्य एवं औषधि विभाग ने अलग-अलग दुकानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच के बाद तीन दुकान संचालकों पर कुल 45 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।
खाद्य निरीक्षक संदीप पाटिल ने बताया कि विभाग द्वारा सितंबर माह में विभिन्न दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए थे। जांच के दौरान दो दुकानों से लिए गए पनीर के नमूनों में निर्धारित मानक के अनुसार फैट की मात्रा कम पाई गई। वहीं, एक मिठाई दुकान से लिए गए नमूने की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। जांच रिपोर्ट के आधार पर तीनों मामलों में संबंधित दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। तीनों पर कुल 45 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
त्योहारी सीजन को लेकर विभाग अलर्ट
आने वाले दिनों में दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार हैं। इस दौरान बाजारों में मिठाई, पनीर, खोवा, नमकीन, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने भी निगरानी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग की टीम द्वारा अलग-अलग दुकानों और प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का मुख्य उद्देश्य मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो।
हर माह 25 नमूने लेने का लक्ष्य
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के प्रत्येक निरीक्षक को प्रतिमाह 25 खाद्य पदार्थों के नमूने लेने का लक्ष्य दिया जाता है। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ने के कारण विभाग द्वारा नमूना लेने का लक्ष्य बढ़ाया भी जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान विशेष रूप से मिठाई और दुग्ध उत्पादों की जांच पर जोर रहेगा। विभाग की टीम बाजारों में निरीक्षण कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए भेजेगी।
इनका कहना..
पनीर में फैट कम मिलने और मिठाई की गुणवत्ता सही नहीं होने के कारण तीन दुकान संचालकों पर 45 हजार रूपए का जुर्माना लगाया है। आगामी त्यौहारी सीजन में भी खाद्य पदार्थो की सघन जांच की जाएग।
संदीप पाटिल, निरीक्षक, खाद्य एवं औषधि विभाग, बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




