Betul ki Khabar: पानी में डूबा कारीदा का माध्यमिक स्कूल, जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर बच्चे

दीवारों में सीलन, परिसर बना तालाब, ग्रामीणों ने ऊंचे स्थान पर नया भवन बनाने की उठाई मांग
Betul ki Khabar: बैतूल। ग्राम कारीदा, ग्राम पंचायत कुनखेड़ी में स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला इन दिनों बदहाली का शिकार है। वर्षों पुराना स्कूल भवन निचले स्थान पर होने के कारण हर बारिश में पानी से घिर जाता है। हालत यह है कि बरसात के दिनों में पूरा स्कूल परिसर तालाब जैसा नजर आता है और बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने बच्चों की हिफाजत की गुहार लगाकर प्रशासन से नए और सुरक्षित भवन बनाए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान स्कूल परिसर में भारी मात्रा में पानी भर जाता है। यह स्थिति बारिश के करीब दो से तीन महीने तक बनी रहती है, इससे बच्चों को नियमित रूप से स्कूल पहुंचने और पढ़ाई करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गांव के अधिकांश बच्चे इसी शाला में शिक्षा ग्रहण करते हैं।
पुराने स्कूल भवन की दीवारों में लगातार पानी भरने और नमी के कारण सीलन आ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन जर्जर होता जा रहा है और दीवारों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्हें आशंका है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत अथवा नए भवन की व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
शौचालय से खेल मैदान तक पानी-पानी
ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दौरान केवल कक्ष ही नहीं, बल्कि स्कूल का शौचालय, बाउंड्रीवाल और खेल मैदान भी पानी में डूब जाते हैं। इससे बच्चों को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रहना पड़ता है। स्कूल परिसर में जलभराव के कारण गंदगी और अन्य परेशानियां भी बढ़ जाती हैं।
ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि बच्चों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल किसी ऊंचे स्थान पर नए स्कूल भवन की स्वीकृति प्रदान की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते ठोस कदम उठाए जाना जरूरी है, ताकि गांव के नौनिहाल सुरक्षित वातावरण में अपनी शिक्षा जारी रख सकें।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




