Betul News: वीडियो बनाने के विवाद में मासूम छात्रों की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

मारपीट का वीडियो सामने आते ही मचा हड़कंप, युवक के एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष होने का दावा
Betul News: बैतूल। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने शहर में सनसनी मचा दी है।मारपीट की घटना हमलापुर क्षेत्र के किसी रेस्टोरेंट के भीतर की नजर आ रही है। वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने दो मासूम छात्रों के साथ कुछ युवक कथित तौर पर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वहीं एक छात्र बुरी तरह डरा सहमा दिखाई दे रहा है। सम्भवत: यह तीनों छात्र नाबालिग भी हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि बच्चों पर वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की गई। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दो स्कूली बच्चों को कुछ युवक घेरकर पीटते दिखाई दे रहे हैं। घटना के पीछे बच्चों द्वारा वीडियो बनाए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मारपीट की वास्तविक वजह और घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी। मामले को लेकर एक युवक के एनएसयूआई से जुड़े होने की बात भी सामने आई है।
एनएसयूआई प्रवक्ता नितिन विश्वास ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों में से फैजान नाम का युवक संगठन में ब्लॉक अध्यक्ष के पद पर है। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यदि बच्चों के साथ इस तरह की मारपीट हुई है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन से जुड़ा कोई पदाधिकारी हो या कोई अन्य व्यक्ति, कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।
इधर वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चों की पहचान और घटना के स्थान सहित अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मारपीट के मामले में कौन-कौन लोग शामिल थे और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था। इस मामले में कार्यवाही को लेकर एसपी वीरेंद्र जैन एवं गंज टीआई नीरज पाल से सम्पर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया, लेकिन बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है।
- Also Read: Betul ki Khabar: बैतूल में आदिवासी जमीन की रजिस्ट्री पर सवाल, अधिसूचित क्षेत्र को गैर-अधिसूचित बताया
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




