Betul Ki Khabar : नपा- राजस्व में तालमेल नहीं, अतिक्रमण हटाने विधायक के निर्देशों की अवहेलना

नोटिस-नोटिस तक सीमित प्रशासन का रवैया, अतिक्रमणकारियों को मिल रहा पनपने का मौका

Betul Ki Khabar : बैतूल। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मुहिम विभागीय तालमेल की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कुछ दिन पहले राजस्व, नगरपालिका और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर हर बुधवार सड़क तक किए गए अतिक्रमण को हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। शुरुआती दिनों में संयुक्त अभियान चला, लेकिन अब दो सप्ताह से कार्रवाई पूरी तरह ठप है। हालात यह हैं कि अधिकारी बैठकों में रणनीति बना रहे हैं, नोटिस भी जारी कर रहे हैं, लेकिन मौके पर बुलडोजर और अमला नहीं पहुंच रहा।

शहर के प्रमुख बाजारों से लेकर वार्डों की गलियों तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। कई स्थानों पर सड़कें संकरी हो चुकी हैं। जाम और हादसों की आशंका बनी रहती है। इसी समस्या के समाधान के लिए विधायक ने सभी संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, लेकिन विभागीय समन्वय की कमी से पूरी कवायद धीमी पड़ गई है।

पहले दिखी सख्ती, फिर अभियान हो गया गायब

विधायक के निर्देश के बाद लगातार कुछ बुधवार तक राजस्व, नगरपालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। इससे अतिक्रमण करने वालों में डर भी बना, लेकिन बाद में अभियान की रफ्तार अचानक थम गई। पिछले दो बुधवार से कॉलेज चौक, सदर और अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की तैयारी तो हुई, लेकिन संयुक्त टीम मौके पर नहीं पहुंची। नतीजा यह है कि जहां अतिक्रमण हटाया गया था, वहां फिर से कब्जे होने लगे हैं।

नोटिस पर नोटिस… कार्रवाई अब भी नहीं

प्रशासनिक कार्रवाई फिलहाल नोटिस तक सीमित नजर आ रही है। पहला मामला डॉन बॉस्को के पास लोक निर्माण विभाग की जमीन का है। यहां 32 अतिक्रमणकारियों को 1 अगस्त को नोटिस जारी कर 2 अगस्त तक स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि 3 अगस्त को प्रशासन कार्रवाई करेगा। तय तारीख गुजरने के बाद भी 5 अगस्त तक मौके पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

दूसरा मामला शंकर वार्ड में काली चट्टान से एसटीडी चौक तक के अतिक्रमण का है। 30 जुलाई को तहसीलदार पूनम साहू, नगरपालिका के राजस्व निरीक्षक बृजगोपाल परते और सब इंजीनियर संजय सरेठा ने निरीक्षण किया। तय हुआ कि अगले दिन नोटिस देकर 3 अगस्त तक अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर कार्रवाई होगी। लेकिन नोटिस ही देरी से जारी हुए और कार्रवाई अब तक शुरू नहीं हो सकी।

निर्देशों की अनदेखी या विभागों की सुस्ती?

लगातार हो रही देरी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जब जनप्रतिनिधि के स्पष्ट निर्देश के बावजूद संयुक्त कार्रवाई नियमित नहीं हो पा रही है तो विभागों के बीच समन्वय पर सवाल उठना स्वाभाविक है। शहरवासी भी पूछ रहे हैं कि यदि प्रशासन सिर्फ नोटिस जारी करता रहेगा और कार्रवाई नहीं करेगा तो अतिक्रमण कैसे हटेगा? फिलहाल शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान कागजों में अधिक और सड़कों पर कम नजर आ रहा है।

जहां हटे, वहीं डंके की चोट पर लगे अतिक्रमण

राजस्व अमले के साथ नपा ने संयुक्त अभियान चलाकर जहां से अतिक्रमण हटाया, वहां पर फिर से कब्जा होना न सिर्फ विधायक के निर्देशों की अवहेलना है, बल्कि राजस्व अमले की बड़ी लापरवाही के रूप में सामने आ रही है। नपा के राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते का ढुलमूल रवैया शहर में अतिक्रमणकारियों के दोबारा पनपने के लिए जिम्मेदार माना जा सकता है। यह बात खुद तहसीलदार भी कह रही है कि अतिक्रमण हटाने के लिए जब सहयोग मांगे तो हम देने को तैयार है, लेकिन नपा का राजस्व अमला ध्यान नहीं देता। इस बात से साफ जाहिर की शहर की खूबसूरती पर धब्बा लगाने के लिए नपा का राजस्व अमला विलेन बन गया है। इस संबंध में राजस्व निरीक्षक परते को फोन किया पर उन्होंने रिसीव नहीं किया।

इनका कहना…

शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व में अधिकारियों को निर्देश दिए थे। प्रति बुधवार सहमति बनी थी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने का अभियान क्यों नहीं चल रहा है। इस संबंध में विभागीय अधिकाारियों से शीघ्र चर्चा करेंगे।

हेमंत खंडेलवाल, विधायक बैतूल

नपा से जब भी अतिक्रमण हटाने के लिए सहयोग मांगा। हमारी टीम मौके पर पहुंच जाती है। यह बात गलत है कि राजस्व विभाग अतिक्रमण हटाने में सहयोग नहंी कर रहा है।

पूनम साहू, तहसीलदार बैतूल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button