Ward Parikrama: विकास वार्ड में विकास गायब, सड़क-नाली और जलभराव से त्रस्त रहवासी

कॉलेज चौक पर ड्रेनेज और पाईप लाईन की समस्या, वार्डो में भी सफाई का अभाव

Ward Parikrama: बैतूल। नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 28 विकास वार्ड में रहने वाले नागरिक आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वार्ड का नाम भले ही ‘विकासÓ हो, लेकिन यहां की जमीनी हकीकत इसके विपरीत नजर आती है। सड़क, नाली, पेयजल और सफाई जैसी बुनियादी समस्याएं लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं।

वार्ड की सबसे बड़ी समस्या कॉलेज चौक की है। कुछ माह पहले यहां पुलिया का निर्माण कराया गया था, लेकिन इसके बाद भी ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका। बार-बार पाइप लाइन लीकेज होने के कारण पुलिया बनने के बाद दोबारा खुदाई करनी पड़ी।

बारिश के दौरान कॉलेज चौक पर जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे यह क्षेत्र तालाब जैसा दिखाई देने लगता है। हाल ही में जलभराव के कारण एक स्कूली बस भी यहां फंस गई थी। शहर के चारों दिशाओं को जोड़ने वाले इस प्रमुख चौराहे की बदहाल स्थिति से प्रतिदिन हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

वार्ड के भीतर कई संपर्क मार्ग भी जर्जर हो चुके हैं। मुख्य सड़क से सरस्वती स्कूल की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह उखड़ चुका है, जिससे विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में कठिनाई होती है। वहीं संजय कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र तक जाने वाला मार्ग भी बदहाल है।

सांझवीर टाइम्स की ओर से चलाए जा रहे ‘वार्ड परिक्रमाÓ अभियान के तहत विकास वार्ड का जायजा लेने पर रहवासियों ने अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं। संजय कॉलोनी क्षेत्र के लोगों ने नालियों की नियमित सफाई नहीं होने, अतिक्रमण और पेयजल संकट की शिकायत की। उनका कहना है कि कई स्थानों पर गंदगी और जल निकासी की समस्या के कारण बारिश के दिनों में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं।

हालांकि वार्ड के कुछ हिस्सों में पक्की सड़कें बनने से लोगों को राहत मिली है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में अब भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। रहवासियों का कहना है कि विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद धरातल पर अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। लोगों ने नगर पालिका से वार्ड की प्रमुख समस्याओं का शीघ्र समाधान कर स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

क्या कहते है वार्डवासी

गर्मी के दिनों में पानी की समस्या से जूझना पड़ा। अब भी समस्या बरकरार है। मटमैला पानी सप्लाई होने से वार्डवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की समस्या सबसे ज्यादा बनी है। कुछ जगह नालियों की सफाई नहीं होने से बारिश के दिनों में पानी की निकासी नहीं होती है।

राजू मालवीय, वार्डवासी

वार्ड के भीतर सफाई का अभाव है, सफाई कर्मचारी कभी-कभी नजर आते है। पानी की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में नहीं हो रही है। कई बार वार्ड पार्षद को अवगत कराया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकला। वार्डवासी कई प्रकार की समस्याओं से जूझ रहे है।

ललित जुमड़े, वार्डवासी

वार्ड के भीतर सफाई की समस्या बनी है। कचरा गाड़ी अंदर तक नहीं आ पाती है। सड़क पर लोग वाहन खड़े कर देते है। जिससे गंदगी का आलम बना रहता है। इस संबंध में कई बार शिकायतें भी की लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं निकला।

आनंदराव देशमुख, वार्डवासी

वार्ड में महीनों से नालियों की सफाई नहीं होती, जिससे गंदगी का आलम बना रहता है। साफ-सफाई कर्मचारी आते नहीं है। कचरा गाड़ी भी दूर ही खड़ी रहती है। लोग सड़क पर वाहन खड़े कर देते है। वाहन हटाने के लिए बोलो तो विवाद की स्थिति बन जाती है। वार्डवासियों की समस्या सुनने के लिए कोई नहीं है।

उमेश कसारे, वार्डवासी

 कुछ दिनों में हो जाएगी समस्या दूर: पार्षद

वार्ड के भीतर कई कामकाज हुए है। संजय कालोनी में पार्क का निर्माण हुआ जिसका लोगों का लाभ मिल रहा है। जगह-जगह सीमेंट की सड़कें बनाई गई। कुछ जगह विद्युत पोल नहीं थे, विद्युत पोल लगाए गए। अतिक्रमण हटाकर मार्ग को चौड़ा किया गया। वार्ड के भीतर कुछ जगह सड़कों का निर्माण किया जाना है, जिसके टेण्डर हो चुके है। कुछ ही महीनों के भीतर वार्ड की सारी समस्या लगभग खत्म हो जाएगी। वार्डवासियों की जो भी समस्या मेरे संज्ञान में आती है मैं उसे दूर करने का काम करता हूं।

आनंद प्रजापति, पार्षद, विकास वार्ड

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button