Betul News: 43 डिग्री की मार से अस्पतालों में मरीजों की बाढ़

आसमान उगल रहा आग के गोले, ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा
Betul News: बैतूल। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में भीषण गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। जिले में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं इसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी देखने को मिल रहा है।
बढ़ती गर्मी के चलते जिला अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। स्थिति यह है कि जहां कुछ दिन पहले तक ओपीडी 300 से 350 के बीच रहती थी, वहीं अब यह आंकड़ा बढक़र 600 से 700 तक पहुंच गया है।
बच्चों और बुजुर्गों पर ज्यादा असर, पर्याप्त सुविधाओ से लैस अस्पताल
प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्पतालों में सबसे अधिक संख्या डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और पेट दर्द से पीड़ित मरीजों की सामने आ रही है। तेज धूप और लू के कारण लोग जल्दी बीमार हो रहे हैं। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इस मौसम में ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। दोपहर के समय बाहर निकलने वाले लोगों में चक्कर आना, कमजोरी और उल्टी की शिकायतें आम हो गई हैं।
जिला अस्पताल प्रबंधन ने भी हालात को देखते हुए तैयारियां कर रखी हैं। अस्पताल में ग्लूकोज की बोतलें, जरूरी दवाइयां और ओआरएस का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। साथ ही पर्ची बनाने के लिए अतिरिक्त ऑपरेटरों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके और लंबी कतारों से राहत मिल सके।
10 दिनों के भीतर मरीजों की संख्या में इजाफा
सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने बताया कि पिछले 10 दिनों में मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा बढ़ी है। गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है, जबकि सामान्य मरीजों को दवाइयों और ओआरएस घोल के साथ घर भेजा जा रहा है। डॉ. घोरे ने नागरिकों से अपील की है कि वे गर्मी के इस मौसम में विशेष सावधानी बरतें।
खान-पान में हल्का और सुपाच्य भोजन लें तथा अधिक मसालेदार और गरिष्ठ भोजन से बचें। अधिक से अधिक पानी पीएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। उन्होंने कहा कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर और चेहरे को कपड़े से ढंककर निकलें तथा आंखों को धूप से बचाने के लिए चश्मे का उपयोग करें। अस्पताल प्रशासन ने सभी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को सतर्क रहने और मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
इनका कहना…
मरीजों की संख्या लगातार बड़ रही है। तत्काल उपचार पहली प्राथमिकता में रखा गया है। डाक्टरो और समस्त स्टाफ को अलर्ट रहने के निर्देशों के साथ ही दवाइयों आदि का भी स्टॉक उपलब्ध है। मरीजों को समझाइशें भी दी जा रही हैं।
डॉ. जगदीश घोरे
सिविल सर्जन जिला अस्पताल बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




