Betul Samachar: जिले में चार अनसोल्ड शराब दुकानों का संचालन आबकारी के हाथ

भांग दुकान 5 लाख 61 हजार 161 रुपए में फाइनल
Betul Samachar: बैतूल। विडंबना है कि, जिले की 61 शराब दुकानों में से 57 दुकानें नीलाम करने के बाद बाकी बची 4 दुकानो की नीलामी में आबकारी विभाग अभी तक सफल नहीं हो पाया है। इसके पीछे ठेकेदारों की इन दुकानों में दिलचस्पी न होना बड़ी वजह बनकर सामने दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि चारों दुकानो की नीलामी अब शासन के दिशा-निर्देशों के बलबूते ही फाइनल हो पायेगी। इधर आबकारी विभाग की मजबूरी है कि, इन दुकानों के अनसोल्ड रह जाने के चलते आबकारी विभाग को ही इन दुकानों का संचालन संभालना पड़ रहा है , ऐसे में कार्यालय के अन्य कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
शासन के पाले में गेंद, वहीं से होगा अंतिम निर्णय
जिले की बैतूल गंज 1, आमला 1, सारणी 1 तथा बगडोना ये चार दुकानें तमाम प्रयासों के बावजूद अभी तक नीलाम नहीं हो सकी हैं। प्रभारी आबकारी अधिकारी लीला मुकाती ने बताया कि चारों दुकानों की नीलामी के लिए लगातार टेंडर प्रक्रिया की जा रही है, लेकिन अंतिम निर्णय शासन के निर्देशों के मुताबिक ही किया जाना है। सम्भावना है कि अगले कुछ दिनों में इन दुकानों का निपटारा हो जाएगा। चूंकि 1 अप्रैल से नया वीत्तीय वर्ष शुरू हो चुका है, शासन को राजस्व की हानि ना हो इसके लिए यह चारों दुकानें विभाग द्वारा ही संचालित कराई जा रही हैं। आबकारी विभाग के कर्मचारी ड्यूटी कर रहे हैं।
5 लाख 61 हजार 161 में गया भांग का ठेका
इधर शराब दुकानों की नीलामी की जद्दोजहद जहद के बीच आबकारी विभाग जिले की एक मात्र भांग दुकान का ठेका करने में कामयाब हुआ है। ठेके का आरक्षित मूल्य प्रारम्भ में 7 लाख 46 हजार 545 रुपए तय किया गया था। लेकिन आरक्षित मूल्य से कम बोली आने से यह ठेका भी खटाई में पड़ रहा था।
प्रभारी आबकारी अधिकारी लीला मुकाती के मुताबिक भांग दूकान की नीलामी 5 लाख 61 हजार 161 रुपए में कई गई है। अब बाकी बची 4 दुकानो की नीलामी के पूरे प्रयास किये जा रहे हैं। शासन से मिल रहे निर्देशों के अनुरूप नीलामी की कार्यवाही सतत रूप से चल रही है। उम्मीद है कि जल्द से जल्द अनसोल्ड चार दुकानों का निपटारा भी हो जाएगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




